चित्रकूट में चलती बस के अंदर वारदात से मचा हड़कंप, मां की सूझबूझ से पकड़ा गया आरोपी
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। प्रयागराज से चित्रकूट आ रही यूपी रोडवेज की चलती बस में एक 46 वर्षीय व्यक्ति पर तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को खिलाने के बहाने उसकी मां से गोद में लिया और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रैपुरा क्षेत्र की रहने वाली महिला अपनी तीन साल की बेटी का इलाज कराने प्रयागराज गई थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह बेटी के साथ रोडवेज बस से वापस घर लौट रही थी।
सफर के दौरान मानिकपुर के गोविंद नगर निवासी राजकिशोर नाम का व्यक्ति महिला के पास बैठा था। आरोप है कि रास्ते में बातचीत के दौरान उसने बच्ची को खिलाने की बात कही और मां से उसे अपनी गोद में ले लिया। महिला ने सहयात्री समझकर बच्ची उसे सौंप दी।
बच्ची की हालत बिगड़ने पर मां को हुआ शक
कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास वापस आई। मासूम की हालत खराब थी और वह दर्द से परेशान थी। आरोप है कि बच्ची के निजी अंग से खून निकलने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई।
मां ने तुरंत बस चालक और परिचालक को घटना की जानकारी दी और रैपुरा थाने के सामने बस रुकवाई। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
आरोपी बस से गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकिशोर को बस से ही गिरफ्तार कर लिया। रैपुरा थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से ई-रिक्शा चालक है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।