KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम को संतुलन बनाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
जानकारी के मुताबिक, हार्दिक पांड्या हाल ही में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस आकलन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें क्वाड्रिसेप्स यानी जांघ की मांसपेशी में खिंचाव की समस्या हो गई। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही आईपीएल के दौरान लगी पीठ की ऐंठन से उबर रहे थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिटनेस टेस्ट के दौरान उन्होंने करीब 10 ओवर गेंदबाजी भी की, लेकिन इसी प्रक्रिया में यह नई चोट सामने आ गई। अब मेडिकल टीम की सलाह के बाद उन्हें कम से कम तीन सप्ताह के रिहैब से गुजरना होगा। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उनका खेलना संभव नहीं है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही उन्हें फिट घोषित किए जाने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन नई चोट सामने आने के बाद उनकी वापसी एक बार फिर टल गई है।
सीरीज की शुरुआत 14 जून से धर्मशाला में होगी, जबकि दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के लिए अहम खिलाड़ी हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन प्रदान करते हैं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद से उनकी फिटनेस को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। टीम मैनेजमेंट 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उन्हें पूरी तरह फिट रखना चाहता है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि हार्दिक पांड्या कब पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करते हैं और क्या वह इंग्लैंड सीरीज तक फिट हो पाते हैं या नहीं।