KNEWS DESK- दिल्ली में शॉपिंग करने वालों के लिए एक नई और अनोखी सुविधा शुरू हुई है। अब लोगों को मॉल या बाजार में भारी बैग उठाने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि इसके लिए किराए पर असिस्टेंट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह नई सेवा खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ शॉपिंग करने वाले परिवारों के लिए बड़ी राहत बन रही है।

दिल्ली में शुरू हुई इस सुविधा के तहत ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से समय चुन सकते हैं। बैग उठाने वाले असिस्टेंट शॉपिंग के दौरान ग्राहकों के साथ रहते हैं और उनका सामान संभालते हैं।
कंपनी के मुताबिक 30 मिनट की सेवा के लिए ₹79, 1 घंटे के लिए ₹119, 2 घंटे के लिए ₹179 चार्ज किए जा रहे हैं। लंबे समय के पैकेज भी उपलब्ध हैं। फिलहाल यह सेवा दिल्ली में शुरू की गई है, लेकिन आने वाले समय में इसे दूसरे शहरों तक भी बढ़ाया जा सकता है।
सिर्फ बैग उठाना ही नहीं, मिल रही कई सुविधाएं
यह सेवा केवल सामान उठाने तक सीमित नहीं है। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इनमें शामिल हैं पोर्टेबल फोल्डिंग चेयर, मोबाइल चार्जिंग सपोर्ट, पावर बैंक, धूप और बारिश से बचने के लिए छाता, छोटे बच्चों के लिए स्ट्रॉलर भीड़भाड़ वाले बाजारों और बड़े मॉल में लंबे समय तक घूमने के दौरान यह सुविधा काफी मददगार साबित हो रही है।
युवाओं और बुजुर्गों को मिल रहा रोजगार
इस नई सेवा का सबसे बड़ा फायदा रोजगार के रूप में भी सामने आ रहा है। कंपनी का कहना है कि छात्र, रिटायर्ड बुजुर्ग और गृहणियां इस सेवा से जुड़कर पार्ट टाइम कमाई कर सकते हैं। इससे लोगों को अतिरिक्त आय का मौका मिल रहा है।
विदेशों में पहले से लोकप्रिय है यह मॉडल
ब्रिटेन और जापान जैसे देशों में इस तरह की सेवाएं पहले से मौजूद हैं। वहां कई कंपनियां ग्राहकों का सामान घर तक पहुंचाने और बैग स्टोरेज जैसी सुविधाएं देती हैं। भारत में यह मॉडल नया जरूर है, लेकिन बदलती लाइफस्टाइल और बढ़ती सुविधा संस्कृति के कारण इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ सकती है।
बदल रही है ऑफलाइन शॉपिंग
ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में अब ऑफलाइन बाजार और मॉल भी ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में यह नई सेवा शॉपिंग को ज्यादा आरामदायक और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।