Knews Desk – इंडियन बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक अजीब सा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां बड़े-बड़े स्टार्स, भारी-भरकम बजट और भारी प्रमोशन के साथ रिलीज हुईं नई फिल्में सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए तरस रही हैं। वहीं दूसरी तरफ कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का जलवा थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली फिल्में ‘दायरा’, ‘वाइब’, ‘टॉक्सिक’ और ‘हैवान’ से ट्रेड एक्सपर्ट्स को काफी उम्मीदें थीं। लेकिन रिलीज होते ही ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर पड़ी हैं। मंडे टेस्ट में करीना कपूर खान की ‘दायरा’ और कुणाल खेमू की ‘वाइब’ का भी खास प्रदर्शन नहीं रहा।
भारी-भरकम स्टारकास्ट और ग्लैमर के बावजूद ‘दायरा’ और ‘वाइब’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही हैं। दरअसल कमजोर कहानी और लचर स्क्रीनप्ले की वजह से रिलीज के पहले-दूसरे दिन ही इन फिल्मों के शो खाली जाने लगे। जहां नई रिलीज फिल्मों का दम निकल रहा है, वहीं ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है। धीमी शुरुआत करने वाली ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 350 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुका है। यह तेजी से 400 करोड़ रुपये के क्लब की तरफ बढ़ रही है। अब जानते हैं कि ‘दायरा’ और ‘वाइब’ का मंडे कलेक्शन कितना रहा।
पृथ्वीराज सुकुमारन और करीना कपूर खान की ‘दायरा’ का इतना बुरा हाल होगा, यह तो किसी ने नहीं सोचा था। फिल्म को रिलीज हुए चार दिन पूरे हो गए हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, पिक्चर ने चौथे दिन यानी मंडे को 40 लाख का कारोबार किया है। वहीं टोटल शोज की संख्या 1562 रही है। अब तक फिल्म की ग्रॉस कमाई 5.93 करोड़ रुपये पहुंच गई है। वहीं टोटल नेट कलेक्शन फिलहाल 4.95 करोड़ रुपये हो गया है। ओवरसीज की बात करें तो फिल्म ने 5 लाख रुपये कमाए हैं और वहां से कुल बिजनेस 1.75 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं टोटल वर्ल्डवाइड कमाई 7.68 करोड़ रुपये रही है।
दरअसल फिल्म के कुल बिजनेस में मंडे को 74.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। जहां पहले दिन फिल्म ने 1 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, तो दूसरे दिन का कलेक्शन 1.75 करोड़ रुपये रहा है। वहीं तीसरे दिन 1.75 करोड़ और चौथे दिन 45 लाख कमाए हैं।
प्रीति जिंटा और कुणाल खेमू की ‘वाइब’ भी इस वक्त थिएटर्स में लगी हुई है और कुछ खास कमाई नहीं कर पाई है। फिल्म ने मंडे को 90 लाख रुपये कमा लिए हैं। साथ ही टोटल शोज की संख्या बीते दिन 2609 रही है। जबकि ग्रॉस कलेक्शन 10 करोड़ रुपये हो गया है और कुल नेट कलेक्शन 8.35 करोड़ रुपये है। फिल्म ने ओवरसीज से भी 25 लाख कमाए हैं और वहां से कुल 1.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 11.50 करोड़ रुपये हो गया है। दरअसल फिल्म ने भी मंडे को कम कमाए हैं, लेकिन करीना कपूर की फिल्म ‘दायरा’ से इसका कलेक्शन ज्यादा रहा है।