Sonu Sood Flood Relief: ‘छत आपकी जिम्मेदारी हमारी’ के तहत पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के180 परिवारों को मिला नया घर

Knews Desk- बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने एक बार फिर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मानवता की मिसाल पेश की है। पंजाब में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए उन्होंने अपनी बहन मालविका सूद के साथ मिलकर ‘छत आपकी, जिम्मेदारी हमारी’ पहल के तहत 180 जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। इस अभियान का उद्देश्य उन परिवारों को सुरक्षित आश्रय देना है, जिन्होंने भीषण बाढ़ के दौरान अपने कच्चे मकान और टाइलों वाली छतें खो दी थीं।

सोनू सूद और उनकी बहन हाल ही में पंजाब के प्रभावित गांवों का दौरा कर लाभार्थी परिवारों से मिले। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और नए घरों का जायजा लिया। सोनू सूद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा लोगों के घर तो छीन सकती है, लेकिन उनका हौसला नहीं तोड़ सकती। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था ने केवल दीवारें खड़ी की हैं, जबकि इन घरों को वास्तविक मायनों में परिवारों की उम्मीदों और दुआओं ने घर बनाया है।

इस अभियान के तहत कुल 250 घरों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 180 घरों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 70 घरों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। योजना पूरी होने के बाद कुल 250 बाढ़ प्रभावित परिवारों को स्थायी और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना को सूद चैरिटी फाउंडेशन और सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

दौरे के दौरान सोनू सूद ने एक ऐसे मजदूर परिवार का भी जिक्र किया, जिसने बाढ़ में अपना घर खो दिया था और पहले ही पारिवारिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था। उनकी बहन मालविका सूद ने उस परिवार के लिए घर बनवाने की जिम्मेदारी संभाली, जिससे उन्हें नई शुरुआत का अवसर मिला। यह पहल कई अन्य जरूरतमंद परिवारों के लिए भी उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है।

कोविड-19 महामारी के दौरान प्रवासी मजदूरों की मदद से लेकर प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत कार्यों तक, सोनू सूद लगातार सामाजिक सेवा में सक्रिय रहे हैं। पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए शुरू की गई यह पहल भी उनके मानवीय प्रयासों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पक्के घर मिलने से उनके परिवारों को न केवल सुरक्षित आश्रय मिला है, बल्कि भविष्य के प्रति नया विश्वास और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *