KNEWS DESK – रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज से पहले ही चर्चा में बना हुआ है। फिल्म की भव्यता और विजुअल्स को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त बज बना हुआ है। अब शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने भी ‘रामायण’ के ट्रेलर की तारीफ करते हुए इसे शानदार बताया है।
सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म के ट्रेलर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया शेयर की। उन्होंने लिखा कि ट्रेलर को समझने के लिए उन्होंने इसे एक बार नहीं बल्कि दो बार देखा। इसके बाद भी उनका मन इसे दोबारा देखने का कर रहा है।
‘दुनियाभर की उम्मीदें रखिए, निराश नहीं होंगे’
सिद्धार्थ आनंद ने अपने पोस्ट में लिखा, “रामायण ट्रेलर… दुनियाभर की उम्मीदें रखिए और आप निराश नहीं होंगे। हां, ये ट्रेलर बहुत ही शानदार और भव्य है। मैंने इसे दो बार देखा ताकि सबकुछ अच्छी तरह से समझ सकूं। फिर भी और देखने का मन कर रहा है। दिवाली का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
उनके इस रिएक्शन के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
दिल्ली में हुआ था ट्रेलर लॉन्च इवेंट
‘रामायण’ के मेकर्स ने 18 जुलाई को दिल्ली के भारत मंडपम में एक खास इवेंट का आयोजन किया था। इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के साथ रणबीर कपूर, साई पल्लवी, सनी देओल, यश और रवि दुबे समेत फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही।
इस खास कार्यक्रम में मीडिया और चुनिंदा मेहमानों को फिल्म का ट्रेलर दिखाया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फिल्म की जमकर चर्चा शुरू हो गई। फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नामों ने ट्रेलर की तारीफ की है।
24 जुलाई को रिलीज होगा आम लोगों के लिए ट्रेलर
फिलहाल ‘रामायण’ का ट्रेलर सिर्फ खास स्क्रीनिंग में दिखाया गया है। मेकर्स इसे 24 जुलाई को यूट्यूब पर आम दर्शकों के लिए रिलीज करने वाले हैं। इसके बाद पता चलेगा कि दर्शकों को फिल्म का ट्रेलर कितना पसंद आता है।
4000 करोड़ के बजट में बन रही है फिल्म
‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल है। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, वहीं साई पल्लवी मां सीता की भूमिका निभा रही हैं। साउथ सुपरस्टार यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी झलक ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है। ट्रेलर के बाद यश के किरदार को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।