Knews Desk– फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने यूट्यूब कुकिंग व्लॉग्स को लेकर चर्चा में हैं। लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर चल रहीं फराह अपने मजेदार अंदाज और सेलिब्रिटीज के साथ कुकिंग वीडियो के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। हालांकि, इस बार सुर्खियों में उनके व्लॉग नहीं, बल्कि उनके पति शिरीष कुंदर का जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन है। 53 साल की उम्र में शिरीष का बदला हुआ लुक सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में एक टॉक शो के दौरान फराह ने पति के इस बदलाव, अपनी 22 साल पुरानी शादी और रिश्ते में आए बदलावों पर खुलकर बात की।

फराह खान ने मुस्कुराते हुए बताया कि शिरीष कुंदर अब पहले से कहीं ज्यादा यंग और हैंडसम दिखने लगे हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “शिरीष और मेरा बेटा Czar अब लगभग एक जैसी हाइट के हैं। कई बार जब मैं रात में सो रही होती हूं और कोई बेडरूम में आता है, तो समझ ही नहीं पाती कि Czar आया है या शिरीष। लेकिन अगर वह मुझे गले लगा ले, तो समझ जाती हूं कि वह मेरा बेटा है।” फराह की यह बात सुनकर शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।दरअसल, पिछले कुछ समय से शिरीष कुंदर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं। उनके फिट लुक और यंग अपीयरेंस ने फैंस को भी हैरान कर दिया है। कई लोगों ने उनके ट्रांसफॉर्मेशन की तारीफ करते हुए उन्हें पहले से ज्यादा फिट और स्टाइलिश बताया है।बातचीत के दौरान फराह खान ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर भी ईमानदारी से अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि क्या शादी के कई साल बाद रिश्ते में रोमांस कम हो जाता है, तो उन्होंने बिना झिझक कहा कि 22 साल साथ रहने के बाद रिश्ते की प्राथमिकताएं बदल जाती हैं। उन्होंने कहा, “जब हम किसी को डेट कर रहे होते हैं तो उसे पाने की इच्छा बहुत ज्यादा होती है। लेकिन जब वह इंसान हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाता है, तो रिश्ते की अहमियत अलग रूप ले लेती है। अब रोमांस से ज्यादा साथ, भरोसा और समझ मायने रखते हैं।”
फराह ने आगे कहा कि आज वह शिरीष को सिर्फ पति के तौर पर नहीं, बल्कि परिवार की सबसे मजबूत कड़ी के रूप में देखती हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैं शिरीष के बिना नहीं रह सकती। हमारे घर की पूरी व्यवस्था उन्हीं की वजह से चलती है।”अपने पति की तारीफ करते हुए फराह ने उन्हें एक बेहतरीन पिता भी बताया। उन्होंने कहा कि उनके तीनों बच्चों की पढ़ाई और विदेश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज में एडमिशन दिलाने में शिरीष की सबसे बड़ी भूमिका रही। पूरे एडमिशन प्रोसेस के दौरान उन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन किया और हर कदम पर उनका साथ दिया।
फराह के मुताबिक, शिरीष हमेशा कुछ नया सीखने के लिए उत्साहित रहते हैं। वह लगातार नई स्क्रिप्ट्स पर काम करते हैं और इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी नई तकनीकों के बारे में भी सीख रहे हैं। फराह का मानना है कि यही सीखने की इच्छा और खुद को लगातार बेहतर बनाने का जज्बा उन्हें दूसरों से अलग बनाता है।फराह खान और शिरीष कुंदर की शादी को 22 साल हो चुके हैं। दोनों ने अपने रिश्ते में उतार-चढ़ाव के बावजूद हमेशा एक-दूसरे का साथ निभाया है। फराह की हालिया बातें यह दिखाती हैं कि समय के साथ रिश्तों का स्वरूप भले बदल जाए, लेकिन सम्मान, भरोसा और साथ ही किसी भी सफल शादी की सबसे बड़ी ताकत होते हैं।