दिवाली से पहले रिलीज होगी रणबीर कपूर की ‘रामायण’, मेकर्स ने बदली रिलीज डेट!

रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स अब ‘रामायण’ को 8 नवंबर की बजाय 5 नवंबर को रिलीज करने की तैयारी में हैं। नई तारीख पर अंतिम मंजूरी के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Knews Desk – बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर के फैंस लंबे समय से ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म विदेशों में 6 नवंबर और भारत में दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर को रिलीज होगी। हालांकि, अब फिल्म की रिलीज को लेकर प्लान में बदलाव की खबर सामने आई है।

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ने अब ‘रामायण’ को 5 नवंबर को रिलीज करने का फैसला किया है। यह फिल्म की वर्ल्डवाइड रिलीज डेट बताई जा रही है। यानी अब फिल्म भारत और विदेशों में अलग-अलग तारीखों पर रिलीज नहीं होगी, बल्कि दोनों मार्केट में एक ही दिन यानी 5 नवंबर को रिलीज किए जाने की तैयारी है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नई रिलीज डेट को लेकर सभी स्टेकहोल्डर्स लगभग सहमत हैं। फाइनल अप्रूवल मिलने के बाद मेकर्स आधिकारिक तौर पर नई रिलीज डेट की घोषणा कर सकते हैं।

दिवाली से तीन दिन पहले आएगी फिल्म

अगर 5 नवंबर की तारीख फाइनल होती है तो ‘रामायण’ दिवाली से तीन दिन पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिपोर्ट में एक इंडस्ट्री इनसाइडर के हवाले से बताया गया है कि 2014 से ज्यादातर फिल्में दिवाली के एक दिन बाद रिलीज होती रही हैं। इसके पीछे वजह यह मानी जाती है कि दिवाली के दिन लोग त्योहार में व्यस्त रहते हैं और फिल्म देखने के लिए कम समय निकाल पाते हैं।

ऐसे में ‘रामायण’ को दिवाली से पहले रिलीज करने का फैसला मेकर्स के फिल्म को लेकर भरोसे को दिखाता है। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह है और मेकर्स को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में दर्शक इसे सिनेमाघरों में देखने पहुंचेंगे।

दो पार्ट में बनेगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो पार्ट में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट इसी साल रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। साई पल्लवी मां सीता का किरदार निभा रही हैं, जबकि यश फिल्म में रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। इसके अलावा रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह और सनी देओल समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।

फिलहाल 5 नवंबर की रिलीज डेट पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। यदि मेकर्स इस तारीख को फाइनल करते हैं तो रणबीर कपूर की ‘रामायण’ दिवाली से पहले ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *