Mirzapur The Movie: सेंसर बोर्ड ने चलाई जमकर कैंची, इंटिमेट सीन से गालियों तक में हुए बड़े बदलाव

KNEWS DESK – ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म को सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट दिया है, लेकिन सर्टिफिकेशन के दौरान कई सीन और डायलॉग में बदलाव करवाए गए हैं.

ओटीटी पर अपनी धाक जमाने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ की कहानी बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है. रिलीज से पहले फिल्म को सेंसर बोर्ड से A सर्टिफिकेट मिल गया है. हालांकि, सर्टिफिकेशन के दौरान मेकर्स को कई बदलाव करने पड़े.

गालियों और आपत्तिजनक शब्दों पर चला कैंची

रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में चार जगह आपत्तिजनक शब्दों को म्यूट करने के लिए कहा. इसके अलावा करीब छह जगह गालियों को दूसरे शब्दों से बदलने की सलाह दी गई.

फिल्म के एक डायलॉग ‘गले लगा कर’ में भी बदलाव करने को कहा गया. वहीं, फर्स्ट हाफ में एक शब्द को ‘कमर’ शब्द से बदलने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा जाति से जुड़े एक संदर्भ में भी बदलाव कराया गया.

इंटिमेट सीन्स भी हुए कम

सिर्फ गालियों और डायलॉग्स पर ही सेंसर बोर्ड की कैंची नहीं चली. फिल्म के दो इंटिमेट सीन्स में भी बदलाव करवाए गए.

रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने इन सीन्स की अवधि करीब 50 फीसदी कम करने को कहा था. इसके बाद विजुअल और साउंड में बदलाव किए गए और करीब 35 सेकेंड के इंटिमेट सीन्स फिल्म से हटा दिए गए.

हिंसा और खून-खराबे पर नहीं लगा कोई कट

‘मिर्जापुर’ की पहचान ही उसके जबरदस्त एक्शन और हिंसा के लिए रही है. ऐसे में फैंस के लिए राहत की बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म के हिंसा और खून-खराबे वाले सीन्स को हटाने का निर्देश नहीं दिया.

यानी फिल्म में शूट किए गए हिंसक सीन्स को दर्शक बड़े पर्दे पर देख पाएंगे. सेंसर बोर्ड की ओर से बताए गए बदलाव करने के बाद मेकर्स को फिल्म के लिए सर्टिफिकेट दे दिया गया. सर्टिफिकेट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की लंबाई 197.19 मिनट है. यानी फिल्म करीब 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकेंड लंबी होगी.

पुराने चेहरों के साथ नए कलाकार भी आएंगे नजर

फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसे फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है.

फिल्म में वेब सीरीज के कई पुराने और पॉपुलर कलाकार वापसी कर रहे हैं. इनमें पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल, दिव्येंदु, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर और श्वेता त्रिपाठी समेत कई कलाकार शामिल हैं.

वहीं, फिल्म में रवि किशन, सुशांत सिंह, सोनल चौहान और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. अब देखना होगा कि ओटीटी पर भौकाल मचाने वाली ‘मिर्जापुर’ की दुनिया बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना पसंद आती है.