करण जौहर के मशहूर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन आखिरी होने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के खत्म होने के बाद भी करण जौहर टॉक शो की दुनिया से दूर नहीं होंगे और अपने बैनर तले नया गॉसिप चैट शो लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं।
Knews Desk – बॉलीवुड के सबसे चर्चित और गॉसिप से भरपूर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। करण जौहर ने कथित तौर पर ऐलान किया है कि शो का नौवां सीजन इसका आखिरी सीजन होगा। फैन्स के लिए यह सीजन 14 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रहा है। इस बीच शो में शामिल होने वाले सितारों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहान पांडे, अनीत पड्डा, विजय देवरकोंडा, रश्मिका मंदाना, अनन्या पांडे और अनन्या बिड़ला जैसे सितारे इस बार काउच पर नजर आ सकते हैं।
हालांकि, ‘कॉफी विद करण’ के खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि करण जौहर टॉक शो की दुनिया को अलविदा कह देंगे। मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, करण जौहर अपने बैनर तले एक नया और चटपटा गॉसिप चैट शो शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। दरअसल, ‘कॉफी विद करण’ की इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी यानी IP जियोहॉटस्टार के पास है। ऐसे में करण अपने नए शो के जरिए दर्शकों तक गॉसिप और सितारों से जुड़ी दिलचस्प बातें पहुंचाने की तैयारी कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल करण जौहर का पूरा ध्यान ‘कॉफी विद करण 9’ पर है। इस सीजन में कई बड़े सितारों के शामिल होने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान ने गुरुवार को अपने एपिसोड की शूटिंग की। वहीं, ऐसी चर्चा है कि आलिया भट्ट शो की शुरुआत कर सकती हैं, हालांकि सलमान खान भी इसके लिए एक मजबूत विकल्प बताए जा रहे हैं।
आलिया भट्ट अपने पति रणबीर कपूर और फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के को-स्टार विकी कौशल के साथ शो में नजर आ सकती हैं। इसके अलावा, शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान के भी एक साथ शो में आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन मेहमानों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
कब शुरू हुआ था ‘कॉफी विद करण’?
करण जौहर के इस लोकप्रिय शो की शुरुआत 16 अगस्त 2004 को हुई थी। दो दशक से ज्यादा के सफर में इसके आठ सीजन और 161 एपिसोड टेलीकास्ट हो चुके हैं। इस दौरान शो पर बॉलीवुड सितारों ने अपनी निजी जिंदगी, रिश्तों, ब्रेकअप और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की।
‘कॉफी विद करण’ के कई एपिसोड विवादों के कारण भी सुर्खियों में रहे। शो पर हुई चर्चाओं ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर बड़ी बहस को हवा दी थी। अब नौवें सीजन को आखिरी बताए जाने की खबरों के बीच दर्शकों की नजर इस बात पर है कि करण जौहर अपने नए चैट शो को किस अंदाज में पेश करेंगे और क्या वह ‘कॉफी विद करण’ जैसी लोकप्रियता हासिल कर पाएगा।