Knews Desk – सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के लोकप्रिय रियलिटी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ के मंच पर अक्सर ज्ञान के साथ-साथ सितारों की जिंदगी से जुड़े किस्से भी सामने आते हैं। इस बार हॉटसीट पर बैठीं कोलकाता की कंटेस्टेंट अहेली रॉय ने अमिताभ बच्चन से उनकी शादी को लेकर सवाल किया, जिसके बाद बिग बी ने अपनी और जया बच्चन की शादी से जुड़ा पुराना किस्सा शेयर किया।
अहेली रॉय ने मजाकिया अंदाज में अमिताभ बच्चन से पूछा कि आखिर उन्होंने अपनी सास को कैसे मनाया और जया बच्चन से शादी करने के लिए ससुराल वालों का दिल कैसे जीता। इस सवाल पर अमिताभ बच्चन ने मुस्कुराते हुए अपनी शादी का किस्सा सुनाया।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्होंने शादी के लिए न तो अपनी सास से बात की थी और न ही ससुर से। उन्होंने कहा, “हमने उनको कुछ नहीं कहा, हमने बस जया जी को एक दिन बोला कि शादी कर लेनी चाहिए, तो उन्होंने कहा हां कर लेनी चाहिए और बस तय हो गया, हमने किसी से भी बात नहीं की।”
https://www.instagram.com/p/Cs_whDAyH7J/?u
बिग बी ने आगे बताया कि शादी तय होने के बाद जया बच्चन अपने माता-पिता के पास गईं और उन्हें इसकी जानकारी दी। अमिताभ बच्चन के मुताबिक, उन्हें यह भी नहीं पता कि जया ने अपने माता-पिता से क्या कहा था, लेकिन उनके परिवार वाले शादी के लिए मान गए। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच थोड़ी बातचीत हुई और अगले ही दिन दोनों ने शादी कर ली।
अमिताभ बच्चन ने शादी के दौरान होने वाली तड़क-भड़क और फिजूलखर्ची को लेकर भी अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि शादी को लेकर तारीख, कपड़े, अलग-अलग जगह जाना और बैंड-बाजे जैसी चीजों के झमेले में पड़ने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, उन्होंने बस यह मान लिया था कि जया उनकी पत्नी हैं और उनके लिए इससे बड़ी बात कुछ नहीं थी।
इस दौरान अमिताभ बच्चन कंटेस्टेंट अहेली रॉय की जिंदादिली और आत्मनिर्भर सोच से भी प्रभावित नजर आए। अहेली ने बताया कि वह पड़ोसियों के तानों या समाज की दकियानूसी उम्मीदों की परवाह नहीं करतीं और अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जीती हैं। अमिताभ बच्चन ने उनके इस जज्बे की सराहना की और कहा कि हर इंसान को वही करना चाहिए जिससे उसे खुशी मिले, न कि दुनिया के शोर से प्रभावित होना चाहिए।