बीजेपी सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने 11 अक्टूबर को अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की खूबसूरती की तारीफ की और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें भी शेयर कीं।
Knews Desk – बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत 11 अक्टूबर को रामलला के दर्शन करने अयोध्या के राम मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और भगवान राम का आशीर्वाद लिया। कंगना ने सोशल मीडिया पर मंदिर दर्शन की कई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह भगवान के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना करती नजर आ रही हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना ने मंदिर परिसर की भव्यता और सुंदरता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर इतना बड़ा और सुंदर है कि परिवार के साथ यहां कम से कम पूरा दिन बिताना होगा, तभी पूरी तरह संतुष्टि मिलेगी। उन्होंने कहा, “अयोध्या में राम जन्मभूमि की पवित्र भूमि के दर्शन करना हमेशा एक सौभाग्य की बात होती है।”

कंगना ने आगे कहा, “यहां इंसान तभी आ पाता है जब उसका सौभाग्य होता है। इसलिए आज पूजा-अर्चना करना और इस बेहद पवित्र और पावन भूमि के दर्शन करना अपने आप में एक बहुत बड़ा आशीर्वाद है। ये अनुभव सचमुच अद्भुत था।”

एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “जय श्री राम, जय अयोध्या धाम।” उनकी तस्वीरों में मंदिर परिसर की झलक के साथ उनके दर्शन और पूजा-अर्चना के पल भी दिखाई दे रहे हैं।

बता दें कि अयोध्या में कंगना रनौत का एक कार्यक्रम भी था। यहां उन्होंने एक जूलरी ब्रांड के शोरूम का उद्घाटन किया। इसके बाद वह राम मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए और पूजा-अर्चना करने के बाद अयोध्या से रवाना हो गईं।
फिल्मी करियर की बात करें तो कंगना रनौत आखिरी बार इसी साल जून में रिलीज हुई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। अगस्त से यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम हो रही है।