KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेट को एक और युवा सितारा मिल गया है। महज 15 साल की उम्र में टीम इंडिया की टी20 टीम में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। क्रिकेट जगत से लेकर राजनीति और मनोरंजन जगत की हस्तियां भी उनकी सफलता पर खुशी जता रही हैं। इसी कड़ी में बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी युवा खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुंबई में अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के प्रमोशन के दौरान कंगना रनौत ने वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में चयन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है और यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
कंगना ने कहा कि वह चाहती हैं कि वैभव भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं और आने वाले वर्षों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाएं। उन्होंने युवा क्रिकेटर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं, लेकिन साथ ही उन्हें अपना खेल बिना किसी दबाव के खेलना चाहिए।
वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिले से आते हैं और कम उम्र में ही अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहे हैं। घरेलू और जूनियर स्तर पर उनके प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
टीम इंडिया के आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए वैभव को टीम में शामिल किया गया है। आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए भी उनका चयन किया गया है, जिससे यह साफ हो गया है कि भारतीय क्रिकेट प्रबंधन उन्हें भविष्य के बड़े खिलाड़ी के रूप में देख रहा है।
वैभव के चयन के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके नाम की खूब चर्चा हो रही है। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह युवा खिलाड़ी आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट का बड़ा चेहरा बनकर उभरेगा और देश को कई यादगार जीत दिलाएगा।