Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और अब इसके प्रमोशन के लिए कालीन भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित भी मैदान में उतर गए हैं.
Knews Desk-‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद अब इसकी कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलने वाली है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. फिल्म को लेकर पहले से ही सोशल मीडिया पर काफी बज बना हुआ है. इसी बीच इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी गई है.
खास बात यह है कि फिल्म की टिकट बिक्री बढ़ाने के लिए ‘मिर्जापुर’ के प्रमुख किरदारों ने अपने खास अंदाज में फैंस से टिकट बुक करने की अपील की है. एक्सल मूवीज ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक प्रमोशनल वीडियो शेयर किया है, जिसमें कालीन भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित नजर आ रहे हैं.
कालीन भैया ने दी ‘रिस्क’ वाली चेतावनी
वीडियो में सबसे पहले कालीन भैया अपने दबंग अंदाज में नजर आते हैं. वह फैंस को टिकट पहले से बुक करने की सलाह देते हुए कहते हैं कि अगर इस बार टिकट बुक करने से चूक गए और मौका हाथ से निकल गया तो रिस्क है.
इसके बाद गुड्डू पंडित की एंट्री होती है. वह अपने अंदाज में कहते हैं कि अगर घर पहुंचने के बाद पछतावा हुआ और सिनेमाघर से लौटे लोगों ने फिल्म की कहानी बता दी, तो यह भी बड़ा रिस्क होगा. आखिर में बबलू पंडित भी फैंस को बिना देर किए टिकट बुक करने की सलाह देते दिखाई देते हैं.
इस प्रमोशनल वीडियो के जरिए मेकर्स ने ‘मिर्जापुर’ के चर्चित किरदारों की लोकप्रियता का इस्तेमाल फिल्म की एडवांस बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए किया है.
एडवांस बुकिंग में अब तक कितनी कमाई?
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को एडवांस बुकिंग में शुरुआती तौर पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. हिंदी 2D वर्जन के लिए देशभर में पहले दिन के करीब 23,813 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है.
रिपोर्ट के अनुसार, ब्लॉक सीटों को छोड़कर फिल्म ने अब तक लगभग 78.89 लाख रुपये का प्री-सेल कलेक्शन किया है. वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने के बाद यह आंकड़ा करीब 1.87 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की रिलीज में अब करीब तीन दिन का समय बाकी है. ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में एडवांस बुकिंग में और तेजी देखने को मिल सकती है. ‘मिर्जापुर’ सीरीज की लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं.