अमेरिका में 22 लाख का इलाज, भारत में 47 हजार! भारतीय युवक की कहानी से हेल्थकेयर सिस्टम पर बहस

अमेरिका की महंगी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक भारतीय युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. युवक ने अमेरिका और भारत में अपनी मेडिकल इमरजेंसी के अनुभव साझा करते हुए दोनों देशों के इलाज के खर्च में जमीन-आसमान का अंतर बताया है.

Knews Desk- अमेरिका में नौकरी, डॉलर की कमाई और बेहतर सुविधाओं वाली जिंदगी का सपना बहुत से भारतीय देखते हैं. हालांकि, वहां की हेल्थकेयर व्यवस्था और इलाज का खर्च कई लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन जाता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो इसी मुद्दे को लेकर चर्चा में है. भारतीय युवक युवान इबानेज ने अमेरिका और भारत में इलाज के अपने अनुभव बताए हैं.

युवान ने बताया कि एक बार अमेरिका में बास्केटबॉल खेलते समय उनके सीने में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया. स्थिति इतनी गंभीर थी कि उनके लिए चलना भी मुश्किल हो गया था. इसके बावजूद उन्होंने एंबुलेंस नहीं बुलाई, क्योंकि उनके मुताबिक अमेरिका में एंबुलेंस का खर्च काफी ज्यादा हो सकता है.

इसके बाद वह खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचे. युवान का दावा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें कागजी प्रक्रिया और फॉर्म भरने के चलते इंतजार करना पड़ा. जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उन्हें मिनी हार्ट अटैक आया था.

इलाज के बाद जब अस्पताल का बिल सामने आया तो वह हैरान रह गए. उनके अनुसार, कुल बिल करीब 23 हजार डॉलर यानी लगभग 22 लाख रुपये था. युवान ने बताया कि उनके पास बेहतर हेल्थ इंश्योरेंस होने के बावजूद उन्हें अपनी जेब से करीब 7 हजार डॉलर यानी लगभग 6.67 लाख रुपये देने पड़े.

भारत में इसी तरह की मेडिकल इमरजेंसी का अनुभव

युवान ने भारत में हुए अपने पुराने मेडिकल अनुभव का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले वह कई बार बेहोश हुए थे. परिवार उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां ज्यादा समय कागजी कार्रवाई में नहीं लगा और उन्हें जल्द ही प्राइवेट रूम मिल गया.

उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने ECG, MRI और CT Scan समेत कई जरूरी जांचें कीं. उन्हें डॉक्टरों से अपनी समस्या के बारे में बातचीत करने और इलाज की प्रक्रिया समझने का भी पर्याप्त मौका मिला. युवान का दावा है कि भारत में इस पूरे इलाज पर करीब 500 डॉलर यानी लगभग 47 हजार रुपये खर्च हुए.

अमेरिका से भारत लौटने का बना रहे हैं मन

भारत और अमेरिका में इलाज के खर्च में इतना बड़ा अंतर देखने के बाद युवान ने अमेरिकी हेल्थकेयर सिस्टम को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उनका कहना है कि अमेरिका में इंफ्रास्ट्रक्चर और दूसरी सुविधाएं अच्छी होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं आम व्यक्ति के लिए काफी महंगी पड़ सकती हैं.

युवान मूल रूप से पुणे में करीब 16 साल रह चुके हैं. वायरल वीडियो में अपने अनुभव साझा करने के बाद उन्होंने संकेत दिया कि वह अमेरिका में स्थायी रूप से रहने के बजाय भारत लौटने पर विचार कर रहे हैं.

उनकी कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. हालांकि, अमेरिका और भारत में इलाज की लागत कई बातों पर निर्भर करती है, जैसे अस्पताल, बीमा कवरेज, बीमारी और इलाज का प्रकार. ऐसे में युवान का अनुभव व्यक्तिगत है, इसे दोनों देशों की पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था की एक समान तस्वीर नहीं माना जा सकता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *