हैलोवीन पर जाह्नवी कपूर का खास अंदाज, मां श्रीदेवी के नगीना लुक को किया रीक्रिएट

हैलोवीन पर जाह्नवी कपूर ने दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की फिल्म ‘नगीना’ के आइकॉनिक लुक को रीक्रिएट कर उन्हें खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ओरी भी उनके साथ नजर आए और ऋषि कपूर के किरदार में दिखाई दिए।

Knews Desk – हैलोवीन का मौका है और बॉलीवुड सितारे भी जश्न के मूड में हैं। इस खास मौके को जाह्नवी कपूर ने बेहद खास और मजेदार अंदाज में सेलिब्रेट किया। अभिनेत्री ने अपनी मां और दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी के सबसे यादगार किरदारों में से एक को फिर से जीवंत कर दिया। जाह्नवी ने साल 1986 में रिलीज हुई श्रीदेवी की फिल्म ‘नगीना’ के आइकॉनिक लुक को रीक्रिएट किया है। उनका यह अंदाज देखकर फैंस को एक बार फिर श्रीदेवी की याद आ गई। खास बात यह है कि इस रीक्रिएशन में ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी ने भी उनका साथ दिया।

जाह्नवी कपूर ने हैलोवीन के लिए श्रीदेवी के ‘नगीना’ वाले लुक को चुना। उन्होंने फिल्म में श्रीदेवी की तरह गुलाबी रंग का आउटफिट पहना और जूलरी, मेकअप से लेकर हेयरस्टाइल तक हर छोटी-बड़ी चीज का खास ध्यान रखा। इतना ही नहीं, उन्होंने ओरी की मदद से फिल्म के पोस्टर को भी रीक्रिएट किया। इसके अलावा फिल्म में अमरीश पुरी के साथ वाले एक सीन और पर्दे के पीछे के कुछ पलों को भी दोबारा फिल्माया।

https://www.instagram.com/p/DfKNFRdE5k2/?

जाह्नवी ने सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों और वीडियो को शेयर करते हुए खास कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि वह अब तक के सबसे आइकॉनिक फिल्मी पलों में से एक को रीक्रिएट करना चाहती थीं। अभिनेत्री ने अपनी मां श्रीदेवी, ऋषि कपूर और अमरीश पुरी का जिक्र करते हुए उन्हें बेहद आइकॉनिक बताया। उनके इस अंदाज में मां श्रीदेवी के प्रति प्यार और उन्हें याद करने की भावना साफ नजर आई।

इस रीक्रिएशन में जाह्नवी जहां श्रीदेवी के नागिन वाले किरदार में नजर आईं, वहीं ओरी ने ऋषि कपूर का लुक अपनाया। दोनों ने फिल्म के कई दृश्यों को दोबारा फिल्माते हुए तस्वीरें भी क्लिक कराईं। जाह्नवी के लुक में फैंस को उनकी मां श्रीदेवी की झलक देखने को मिली, जबकि ओरी के एक्सप्रेशन और अंदाज ने भी लोगों का ध्यान खींचा। जाह्नवी की पोस्ट पर कमेंट करते हुए ओरी ने लिखा, “डिंग डॉन्ग डिंग हमारे पास विनर है।”

साल 1986 में रिलीज हुई फिल्म ‘नगीना’ श्रीदेवी के करियर की यादगार फिल्मों में से एक है। फिल्म में उन्होंने इच्छाधारी नागिन का किरदार निभाया था, जो अपनी मर्जी से इंसान और सांप का रूप बदल सकती थी। यह बदले की कहानी थी, जिसमें श्रीदेवी के अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म उस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही थी। आज भी इस फिल्म में श्रीदेवी का नागिन वाला किरदार हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार किरदारों में गिना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *