KNEWS DESK – टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय कपल इशिता दत्ता और वत्सल सेठ के घर खुशियों का माहौल है। उनकी बेटी वेदा ने 10 जून को अपना पहला जन्मदिन मनाया। इस खास मौके को कपल ने परिवार और करीबी लोगों के साथ बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। जन्मदिन की कई खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की गईं, जिन्होंने फैंस का दिल जीत लिया।
सबसे खास बात यह रही कि इशिता और वत्सल ने पहली बार अपनी बेटी वेदा का चेहरा दुनिया के सामने दिखाया। बेटी के जन्म के बाद से दोनों ने उसकी तस्वीरें तो साझा की थीं, लेकिन हमेशा उसका चेहरा छिपाकर रखा था। ऐसे में फैंस लंबे समय से वेदा की झलक देखने का इंतजार कर रहे थे।
शेयर की गई तस्वीरों में वेदा अपनी मासूम मुस्कान से सभी का ध्यान खींचती नजर आई। एक फोटो में वत्सल और इशिता अपनी बेटी को गोद में लिए दिखाई दे रहे हैं, जबकि वेदा बेहद प्यारी मुस्कान बिखेर रही है। माता-पिता भी अपनी लाडली को प्यार भरी नजरों से देखते नजर आए।
बर्थडे सेलिब्रेशन की सजावट भी काफी आकर्षक थी। एक तस्वीर में वेदा का खूबसूरत थीम बेस्ड केक नजर आया, जिसे रंग-बिरंगे एनिमल डेकोरेशन से सजाया गया था। केक पर नंबर ‘1’ की कैंडल भी लगी थी, जो इस खास मौके को और यादगार बना रही थी। पीले रंग की फ्रॉक और दो चोटियों में सजी वेदा बेहद क्यूट लग रही थी।
कपल ने अपनी फैमिली फोटो भी शेयर की, जिसमें वे अपने बेटे वायु और बेटी वेदा के साथ नजर आए। तस्वीरों में पूरा परिवार खुश और उत्साहित दिखाई दे रहा है। फैंस भी इन तस्वीरों पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं और वेदा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
बता दें कि इशिता दत्ता और वत्सल सेठ ने साल 2017 में शादी की थी। इसके बाद 2023 में उनके बेटे वायु का जन्म हुआ और 2025 में बेटी वेदा ने परिवार में कदम रखा। अब वेदा के पहले जन्मदिन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।