CJP Protest: अनुराग कश्यप से प्रकाश राज तक, बॉलीवुड हस्तियों ने सरकार पर उठाए सवाल

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बीच अनुराग कश्यप, प्रकाश राज, वरुण ग्रोवर और नेहा सिंह राठौर समेत कई हस्तियों ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। प्रदर्शन के समर्थन में फिल्मी सितारों और कलाकारों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा की हैं।

Knews Desk– राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई हस्तियां खुलकर सामने आई हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे समेत कई मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर हो रहे इस प्रदर्शन को कई कलाकारों ने अपना समर्थन दिया है। इस दौरान फिल्ममेकर अनुराग कश्यप से लेकर अभिनेता प्रकाश राज तक ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

अभिनेता इमरान खान दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इस बीच मुंबई में भी प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इमरान खान समेत 300 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में इमरान खान ने कहा कि वह किसी संगठन का प्रतिनिधित्व करने या अपनी कोई मांग रखने नहीं आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह यहां केवल एक नागरिक के तौर पर पहुंचे हैं।

अभिनेता प्रकाश राज ने CJP के प्रदर्शन के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल लोगों की आवाज को गिरफ्तार नहीं कर सकते। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, ‘फ्रेंड…आप नदी को और कितने समय तक रोक पाएंगे।’ उनका यह संदेश प्रदर्शन के समर्थन में उनकी प्रतिक्रिया के तौर पर सामने आया है।

वरुण ग्रोवर ने भी सरकार पर कसा तंज

लेखक और गीतकार वरुण ग्रोवर ने भी CJP के प्रदर्शन को लेकर एक्स पर पोस्ट साझा की। उन्होंने एयरपोर्ट पर उतरते एक विमान का वीडियो री-शेयर करते हुए सरकार पर कटाक्ष किया। पोस्ट में लिखा गया, ‘एक शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट से इतना पागलपन? कुछ दिन बोटोक्स छोड़कर थेरेपी में खर्चा करना चाहिए राजा जी को।’

गायिका नेहा सिंह राठौर ने भी प्रदर्शन के समर्थन में सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। एक्स पर साझा किए गए वीडियो में उन्होंने पूछा कि जिस तरह की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल प्रदर्शन के दौरान तैनात किया गया है, वैसी सख्ती पहलगाम और मणिपुर में क्यों नहीं दिखाई गई। उन्होंने बेटियों के सम्मान और देशवासियों की जान की कीमत को लेकर भी सवाल उठाए।

नेहा सिंह राठौर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए जिस तरह का पुलिस बल लगाया गया, वैसी तैनाती मणिपुर और पहलगाम में क्यों नहीं की गई थी। उन्होंने किसानों के आंदोलन का भी जिक्र करते हुए दावा किया कि पहले भी किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोका गया था, लेकिन सरकार को हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि इस बार भी सरकार हारेगी।

अनुराग कश्यप की पोस्ट ने खींचा ध्यान

फिल्ममेकर और अभिनेता अनुराग कश्यप ने भी CJP के प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “दो डरपोक, 40 हजार गुलाम, लाखों बहादुर।” उनकी इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

अनुराग कश्यप ने एक अन्य पोस्ट में भी सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा, ‘बिना कॉन्फ्रेंस किए चिल्ला-चिल्लाकर कैसे स्वीकार करते हैं। हम चोर हैं, हमने चोरी की है। वोट की नोट की, संविधान की, अधिकार की। बिना बोले सब बता देना एक ऐसी कला है, जो सिर्फ प्रधान संतरी को आती है।’

क्यों हो रहा है CJP का प्रदर्शन?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार, 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। युवाओं के नेतृत्व वाले इस संगठन की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा शामिल है। पार्टी मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रही है।

प्रदर्शन के बीच कई कलाकारों की प्रतिक्रियाएं सामने आने से यह मामला राजनीतिक और सोशल मीडिया चर्चा का विषय बन गया है। अनुराग कश्यप, प्रकाश राज, वरुण ग्रोवर और नेहा सिंह राठौर ने अपनी-अपनी पोस्ट और बयानों के जरिए इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *