बॉबी देओल की ‘बंदर’ को पहले दिन बड़ा झटका, 1 करोड़ भी नहीं कमा पाई फिल्म

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंदर’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के विपरीत बेहद धीमी शुरुआत की है। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर काफी चर्चा थी और समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों ने भी बॉबी देओल के अभिनय की सराहना की है, लेकिन यह तारीफ शुरुआती कमाई में तब्दील होती नहीं दिखी। पहले दिन फिल्म का कारोबार 1 करोड़ रुपये के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘बंदर’ ने ओपनिंग डे पर करीब 50 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 60 लाख रुपये बताया जा रहा है। देशभर में फिल्म के 1365 शो चलाए गए, लेकिन ऑडियंस रिस्पॉन्स उम्मीद से काफी कम रहा। फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी करीब 12.58 प्रतिशत दर्ज की गई, जो किसी भी बड़ी रिलीज के लिए चिंता का विषय मानी जाती है।

हालांकि फिल्म को पूरी तरह खारिज करना अभी जल्दबाजी होगी। ‘बंदर’ एक डार्क क्राइम थ्रिलर है, जो आम मसाला फिल्मों से अलग है। ऐसे कंटेंट आधारित सिनेमा को अक्सर दर्शकों तक पहुंचने में समय लगता है। यही वजह है कि मेकर्स और ट्रेड एक्सपर्ट्स को अब फिल्म के वर्ड ऑफ माउथ से उम्मीदें हैं। यदि दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो वीकेंड पर फिल्म की कमाई में सुधार देखने को मिल सकता है।

इस फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है, जो अपने अलग और प्रयोगधर्मी सिनेमा के लिए जाने जाते हैं। बॉबी देओल ने भी इस फिल्म के लिए काफी मेहनत की है। ‘एनिमल’ की सफलता के बाद बॉबी लगातार निगेटिव किरदारों में नजर आ रहे थे, लेकिन ‘बंदर’ में उन्होंने कुछ अलग करने की कोशिश की है। ऐसे में फिल्म उनके करियर के लिए भी अहम मानी जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ बॉक्स ऑफिस पर राम चरण की ‘पेद्दी’ का दबदबा जारी है। फिल्म ने दूसरे दिन भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए अच्छी कमाई की है। हालांकि हिंदी बेल्ट में इसका प्रदर्शन अपेक्षा से थोड़ा कमजोर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने हिंदी वर्जन से दूसरे दिन करीब 2.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

इन दोनों फिल्मों के बीच सबसे बड़ा सरप्राइज वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने दिया है। रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ने पहले दिन 7.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर शानदार शुरुआत की है। बड़े क्लैश के बावजूद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। जहां ‘पेद्दी’ अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश करेगी, वहीं ‘बंदर’ को बॉक्स ऑफिस पर वापसी के लिए दर्शकों के मजबूत समर्थन की जरूरत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *