KNEWS DESK – ‘भूल भुलैया’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हॉरर-कॉमेडी सीरीज के चौथे पार्ट पर काम शुरू हो गया है। इस बार भी कार्तिक आर्यन रूह बाबा के किरदार में नजर आएंगे, जबकि डायरेक्टर की कमान संभालने के लिए अनीस बज्मी से बातचीत चल रही है।
बॉलीवुड की सबसे सफल हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शामिल ‘भूल भुलैया’ अब अपने चौथे पार्ट के साथ वापसी करने जा रही है। मेकर्स ने ‘भूल भुलैया 4’ की तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिल्म की कहानी और नए आइडिया पर काम शुरू हो चुका है।
इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में हुई थी, जिसमें अक्षय कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई थी। इसके बाद फ्रेंचाइजी के दूसरे और तीसरे पार्ट में अक्षय कुमार की जगह कार्तिक आर्यन को लीड रोल में पेश किया गया।
चौथे पार्ट में भी कार्तिक आर्यन निभाएंगे रूह बाबा का किरदार
‘भूल भुलैया 2’ और ‘भूल भुलैया 3’ में कार्तिक आर्यन ने रूह बाबा के किरदार से दर्शकों का दिल जीता था। अब चौथे पार्ट में भी वह इसी किरदार को आगे बढ़ाते नजर आएंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोड्यूसर भूषण कुमार इस फ्रेंचाइजी को और बड़ा बनाने की तैयारी में हैं। उन्होंने फिल्म के लिए नए और मजबूत प्लॉट की तलाश शुरू कर दी है। इस क्रिएटिव प्रोसेस में कार्तिक आर्यन भी जुड़े हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मेकर्स चाहते हैं कि ‘भूल भुलैया 4’ फ्रेंचाइजी की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म साबित हो। कार्तिक भी एक बार फिर रूह बाबा के अंदाज में लौटने को लेकर उत्साहित हैं।
अनीस बज्मी की वापसी पर चल रही बातचीत
‘भूल भुलैया 2’ और ‘भूल भुलैया 3’ का निर्देशन करने वाले अनीस बज्मी को ही चौथे पार्ट के लिए भी वापस लाने की तैयारी की जा रही है।
मेकर्स और अनीस बज्मी के बीच बातचीत जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से जुड़ी आर्थिक शर्तों को लेकर चर्चा चल रही है। अगर सब कुछ तय रहा तो अनीस बज्मी एक बार फिर कार्तिक आर्यन के साथ इस हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाएंगे।
अक्षय कुमार की फिल्म में व्यस्त हैं अनीस बज्मी
हालांकि, अनीस बज्मी इस समय अक्षय कुमार की एक आगामी फिल्म में व्यस्त हैं। इस फिल्म में विद्या बालन और राशि खन्ना भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्माण दिल राजू कर रहे हैं और इसके दिसंबर में रिलीज होने की संभावना है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘भूल भुलैया 4’ में रूह बाबा की कहानी को मेकर्स किस नए अंदाज में पेश करते हैं और क्या यह फिल्म फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों की सफलता को आगे बढ़ा पाती है।