शाहरुख से मिलने को तरसे आयुष्मान खुराना। घंटों इंतजार के बाद उठाया ये कदम

KNEWS DESK – आज आयुष्मान खुराना बॉलीवुड के उन चुनिंदा सितारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय और अलग तरह की फिल्मों के जरिए इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई है। लेकिन एक समय ऐसा भी था जब वो मुंबई की भीड़ में अपने सपनों को लेकर संघर्ष कर रहे थे। हाल ही में आयुष्मान ने अपने जीवन का एक बेहद दिलचस्प और भावुक किस्सा साझा किया, जिसमें उनका सामना पहली बार बॉलीवुड के ‘किंग खान’ शाहरुख खान से हुआ था।

दरअसल, अपनी नई फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ के प्रमोशन के दौरान आयुष्मान खुराना ने उस दौर को याद किया, जब वो मुंबई में एक रेडियो जॉकी के तौर पर काम कर रहे थे। उस समय वह नए-नए मुंबई आए थे और फिल्मों में काम करने का सपना देख रहे थे। आयुष्मान ने बताया कि एक दिन उनके रेडियो स्टेशन से उन्हें सूचना मिली कि उन्हें शाहरुख खान का इंटरव्यू लेने जाना है। यह सुनते ही वह खुशी से झूम उठे।

आयुष्मान तय समय पर पवई के हीरानंदानी इलाके में पहुंचे, जहां शाहरुख खान एक कार के विज्ञापन की शूटिंग कर रहे थे। लेकिन शूटिंग लगातार लंबी चलती रही और घंटों इंतजार करने के बाद क्रू ने उन्हें बताया कि शायद इंटरव्यू नहीं हो पाएगा क्योंकि शाहरुख काफी व्यस्त हैं।

हालांकि आयुष्मान वहां से वापस नहीं लौटे। उन्होंने पूरा दिन सेट के एक कोने में बैठकर शाहरुख खान को शूटिंग करते हुए देखा। आयुष्मान ने बताया कि उस दौरान वह इतने ज्यादा ‘स्टार स्ट्रक’ थे कि उनसे मिलने का मौका गंवाना नहीं चाहते थे।

जब शाम तक इंटरव्यू नहीं हो पाया, तो आयुष्मान ने एक कागज निकाला और शाहरुख खान के नाम एक चिट्ठी लिख डाली। उस चिट्ठी में उन्होंने लिखा कि वह एक रेडियो प्रेजेंटर हैं लेकिन उनका सपना एक्टर बनने का है। उन्होंने शाहरुख से गुजारिश की कि अगर वो किसी तरह उनकी मदद या मार्गदर्शन कर सकें, तो यह उनके लिए बहुत बड़ी बात होगी।

आयुष्मान ने उस चिट्ठी में यह भी लिखा था कि बचपन में उन्होंने पहली बार शाहरुख खान को कसौली में फिल्म ‘माया मेमसाहब’ की शूटिंग के दौरान देखा था और तभी से वह उनके बड़े फैन बन गए थे। दिलचस्प बात यह रही कि आयुष्मान बिना इंटरव्यू किए ही वह चिट्ठी छोड़कर वापस लौट आए।

लेकिन किस्मत ने कुछ और ही सोच रखा था। धीरे-धीरे आयुष्मान खुराना ने टीवी एंकरिंग से फिल्मों तक का सफर तय किया और बॉलीवुड में अपनी अलग जगह बना ली। बाद में वही आयुष्मान बड़े-बड़े अवॉर्ड शोज में शाहरुख खान के साथ मंच साझा करते नजर आए।

आयुष्मान ने बताया कि बाद में उन्होंने कई अवॉर्ड शोज शाहरुख खान के साथ होस्ट किए और किंग खान उनकी फिल्मों को प्रमोट करने के लिए उनके शोज में भी पहुंचे। आयुष्मान के मुताबिक, आज भी जब वह शाहरुख खान से मिलते हैं, तो खुद को ‘स्टार स्ट्रक’ महसूस करते हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फैमिली कॉमेडी फिल्म में उनके साथ सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह भी नजर आ रही हैं। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और आयुष्मान की कॉमिक टाइमिंग एक बार फिर लोगों का दिल जीत रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *