KNEWS DESK – आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ऐल्फा’ की रिलीज में अब बस कुछ ही घंटे बचे हैं। फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है और इसे YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड एक्शन फिल्म माना जा रहा है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म में बॉबी देओल विलेन के रूप में नजर आने वाले हैं, जबकि ऋतिक रोशन के कैमियो को लेकर भी फैंस के बीच काफी चर्चा है, जिसकी झलक पहले ही ट्रेलर में दिखाई जा चुकी है।
एडवांस बुकिंग से मिली शुरुआती कमाई
रिलीज से पहले ‘ऐल्फा’ की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, और शुरुआती आंकड़े मिले-जुले रुझान दिखा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अब तक ब्लॉक सीट्स के साथ लगभग 1.58 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जबकि बिना ब्लॉक सीट्स के यह आंकड़ा करीब 44.89 लाख रुपये तक पहुंचा है।
अब तक करीब 11,255 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई है और फिल्म के लगभग 2,987 शो पहले दिन के लिए तय किए जा चुके हैं। हालांकि, इन आंकड़ों में लगातार बदलाव जारी है।
दिल्ली-NCR और मुंबई से बेहतर रिस्पॉन्स
एडवांस बुकिंग में क्षेत्रीय स्तर पर भी फिल्म को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है। दिल्ली-NCR से करीब 35 लाख रुपये की कमाई हुई है, जबकि मुंबई से लगभग 22 लाख रुपये का बिजनेस दर्ज किया गया है।
पहले दिन की कमाई पर टिकी नजर
ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, मौजूदा एडवांस बुकिंग ट्रेंड को देखते हुए फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन डबल डिजिट (10 करोड़) तक पहुंचना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि, रिलीज से पहले आखिरी दिन यानी 2 जुलाई की बुकिंग में तेजी आती है तो स्थिति बदल सकती है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि मौजूदा ट्रेंड जारी रहने पर फिल्म पहले दिन करीब 4.5 करोड़ से 8.5 करोड़ रुपये के बीच ओपनिंग कर सकती है।
‘ऐल्फा’ YRF स्पाई यूनिवर्स के लिए बेहद अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है, खासकर इसलिए भी क्योंकि पिछली रिलीज उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी। ऐसे में इस फिल्म से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें हैं।