मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान जायन मैरी और अभिनेता इमरान खान समेत सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया था। अब जायन ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपने शरीर पर लगी चोटों के निशान दिखाए हैं।
Knews Desk – बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की भांजी जायन मैरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने शरीर पर लगे चोटों के निशान दिखाए हैं। जायन के मुताबिक, ये चोटें मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान लगी थीं। उनके दोनों हाथों, उंगलियों और पैरों में चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।
शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान जायन मैरी और अभिनेता इमरान खान समेत सैकड़ों लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। अब जायन ने वीडियो के जरिए पुलिस कार्रवाई के दौरान लगी चोटों को दिखाया है।
वीडियो के कैप्शन में जायन ने लिखा, “वो इंटरनेट पर (सरकार को) एक्सपोज कर रही है।” वीडियो में वह कहती हैं, “और कितना डराने की कोशिश करोगे? डर खतम ही हो जाएगा।”
https://www.instagram.com/reels/DeWIRLUKyop/
इससे पहले शनिवार को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान जायन मैरी, इमरान खान और उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन को पुलिस ने हिरासत में लिया था। जायन ने पुलिस वैन के अंदर से भी एक वीडियो शेयर किया था। हिरासत में लिए जाने के दौरान का एक अन्य वीडियो भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जिसमें पुलिसकर्मी उन्हें और इमरान को पुलिस वैन में बैठाते नजर आ रहे थे।
कुछ घंटे हिरासत में रखने के बाद इमरान खान, जायन मैरी और लेखा वाशिंगटन को छोड़ दिया गया। रिहाई के बाद इमरान का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह ‘जय हिंद’ के नारे लगाते दिखाई दिए। इमरान ने एक वीडियो में बताया था कि उन्हें और उनके साथियों को पुलिस वैन में करीब दो घंटे तक अलग-अलग जगहों पर घुमाया गया और इसके बाद एक अनजान जगह पर छोड़ दिया गया।
इस विरोध प्रदर्शन का आह्वान महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने किया था। मुंबई के नाना चौक के पास स्थित अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 400 लोगों को हिरासत में लिया था। तुषार गांधी को भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने से पहले हिरासत में ले लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, अगस्त क्रांति मैदान बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के तहत निर्धारित विरोध प्रदर्शन स्थलों में शामिल नहीं है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई थी।