‘क्या जाने इतिहास बेचारा’, चौरी चौरा से योगी का कांग्रेस पर तीखा हमला

चौरी चौरा में रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता की पंक्तियां सुनाकर विपक्ष पर कटाक्ष किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए नया पैकेज लाने की बात भी कही।

Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह गोरखपुर के चौरी चौरा में रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के अंदर सड़क पर अराजकता पैदा की जा रही है। बिना राहुल गांधी का नाम लिए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की वीर रस की प्रसिद्ध कविता ‘कलम, आज उनकी जय बोल’ की पंक्ति सुनाई, ‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा’। इसके बाद उन्होंने बलिदानियों की गाथा का उल्लेख करते हुए कहा, ‘साक्षी हैं उनकी महिमा के, सूर्य चंद्र भूगोल खगोल, कलम, आज उनकी जय बोल’। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलम बलिदानियों की जय बोलती है।

योगी आदित्यनाथ ने चौरी चौरा की ऐतिहासिक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में आरोपित बनाए गए 172 लोगों को बचाने के लिए अधिवक्ता जवाहरलाल नेहरू नहीं आए, बल्कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने उनकी पैरवी की। उन्होंने मजबूत पैरवी के जरिए 151 लोगों को आरोपों से बाहर कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरी चौरा की क्रांति ने कांग्रेसियों को भी हिला दिया था और उन्हें अपना आंदोलन रोकना पड़ा था।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा की चार बार की सरकार में प्रदेश में 1,500 दंगे हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की स्थिति थी और 10 लाख गुंडे पाले गए थे। योगी ने कहा कि सपा के लोग हर जिले में लूटपाट, अराजकता और गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे। वे बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा थे। उस समय कहा जाता था, ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग जीते जी अपने परिवार के लोगों को सम्मान नहीं देते, वे बलिदानियों का क्या सम्मान करेंगे।

चक्रवाती तूफान अर्णब से प्रभावित किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असमय वर्षा के कारण दिया गया मुआवजा पर्याप्त नहीं है। प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को तत्काल मुआवजा देने के साथ ही सरकार नया पैकेज भी लेकर आएगी, ताकि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी चौरा में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रेल ओवरब्रिज जनता को समर्पित किया। इससे लोगों को रेल क्रॉसिंग पर रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने 287 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली गौनर सड़क का शिलान्यास भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *