KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेशभर के 1183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में करीब 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जबकि प्रत्येक पाली में लगभग 4.90 लाख उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अभ्यर्थियों को आधार सत्यापन, ई-केवाईसी और आइरिस स्कैनिंग के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें गृह मंडल के भीतर ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। साथ ही केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक प्रतीकों जैसे कलावा और मंगलसूत्र पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट देने की घोषणा की है। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
परीक्षार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे और रोडवेज ने भी विशेष तैयारियां की हैं। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, अतिरिक्त टिकट काउंटर, मेडिकल सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। वहीं रोडवेज द्वारा अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।