UP News: पुरानी पेंशन और TET मुद्दे पर अटेवा का बड़ा आंदोलन, जनजागरण यात्रा की घोषणा

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में शिक्षक और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर ATEWA Pension Bachao Manch ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन ने पुरानी पेंशन की बहाली, निजीकरण की समाप्ति और टीईटी (Teacher Eligibility Test) की अनिवार्यता हटाने की मांग को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

संगठन की हालिया बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने कई चरणबद्ध कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की। बैठक में कहा गया कि राज्य में लाखों शिक्षक टीईटी अनिवार्यता के चलते अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं, जबकि पुरानी पेंशन योजना के अभाव में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए संगठन सड़क पर उतरकर जनजागरण करेगा। उन्होंने बताया कि 11 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ के काकोरी से शहीदों को नमन कर जनजागरण यात्रा की शुरुआत की जाएगी। यह यात्रा विभिन्न जिलों और ब्लॉकों से होकर गुजरेगी और शिक्षकों व कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।

प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने आगे की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि 10 जुलाई से 15 अगस्त तक जनजागरण गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्रा और 25 सितंबर को लखनऊ में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार से पुरानी पेंशन बहाली और टीईटी नियमों पर पुनर्विचार की अपील की जाएगी।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आशाराम और चन्द्रहास सिंह ने कहा कि शिक्षकों पर पहले से ही कई प्रशासनिक और गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियाँ हैं, जिनके बीच अब टीईटी अनिवार्यता का दबाव अतिरिक्त चुनौती बन गया है। उन्होंने इसे शिक्षकों के हितों के खिलाफ बताते हुए नीति में बदलाव की मांग की।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सलाहकार मंडल के सदस्यों सहित कई पदाधिकारियों ने भी अपील की। बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने आंदोलन को व्यापक समर्थन देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *