Knews Desk– अवनीत कौर 23 सितंबर को लंदन में ‘Digger’ के वर्ल्ड प्रीमियर में शामिल हुई थीं। इस दौरान उन्होंने टॉम क्रूज से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत भी की। अवनीत ने इस मुलाकात का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में दोनों पहले एक-दूसरे को गले लगाते हैं और फिर बैठकर फिल्म को लेकर बातचीत करते नजर आते हैं।‘Digger’ का निर्देशन ऑस्कर विजेता निर्देशक अलेजांद्रो जी. इनारितु ने किया है। बातचीत के दौरान अवनीत ने टॉम क्रूज से कहा कि उन्होंने उन्हें इससे पहले कभी किसी किरदार में इस तरह नहीं देखा। इसके बाद टॉम ने फिल्म में अपने किरदार और शूटिंग के अनुभव के बारे में बताया।
टॉम क्रूज ने फिल्म के उस सीन का जिक्र किया, जिसमें उनका करीब 10 मिनट लंबा मोनोलॉग है। खास बात यह है कि इस पूरे सीन को एक ही टेक में शूट किया गया था। अवनीत ने बताया कि इस सीन को देखकर वह हैरान रह गई थीं। उन्हें लगा कि टॉम को इस किरदार से काफी गहराई से जुड़ना पड़ा होगा, तभी वह इतने लंबे समय तक लगातार उसी भाव और ऊर्जा के साथ परफॉर्म कर पाए।टॉम क्रूज ने बताया कि इस सीन को पूरा करने के लिए किरदार की लय को पकड़ना और हर भावनात्मक बीट को समझना बेहद जरूरी था। उनके मुताबिक, एक एक्टर के तौर पर उन्हें पता होता है कि किसी सीन में किस जगह किस तरह की परफॉर्मेंस देनी है। उन्होंने कहा कि अलेजांद्रो जी. इनारितु की स्टेजिंग इतनी शानदार थी कि पूरा सीन उन्हें एक डांस और रिदम जैसा महसूस होता था।
क्रूज ने बताया कि उन्होंने इस सीन को केवल कुछ ही बार किया था, लेकिन हर बार पूरा सीन एक ही टेक में शूट किया गया। यानी उन्हें हर टेक में शुरुआत से लेकर आखिर तक लगातार उसी भाव और लय को बनाए रखना पड़ता था। यही वजह थी कि यह सीन उनके लिए चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ खास अनुभव भी रहा।फिल्म के लिए किए गए अपने फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में भी टॉम क्रूज ने बातचीत की। उन्होंने बताया कि किरदार को निभाने के लिए उन्हें कॉमेडी की सही टाइमिंग के साथ एक भारी फैट सूट भी पहनना पड़ता था। यह सूट काफी वजनदार था और इसके साथ परफॉर्म करना आसान नहीं था। हालांकि, क्रूज ने कहा कि इस पूरे अनुभव को करना उनके लिए काफी मजेदार रहा।अवनीत कौर और टॉम क्रूज की यह बातचीत सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। फिल्म के सीन को लेकर क्रूज की बातें यह दिखाती हैं कि ‘Digger’ में उनके किरदार के लिए सिर्फ लुक बदलना ही चुनौती नहीं था, बल्कि लंबे और भावनात्मक सीन को एक ही टेक में निभाना भी उनके लिए बड़ी चुनौती थी।