कैप्टन स्मित पर गांधी परिवार की चुप्पी को लेकर BJP का हमला, सुधांशु त्रिवेदी बोले- बुरहान और अफजल पर बोलने वाले अब मौन क्यों?

Knews Desk- फ्लाईदुबई फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मछार पर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए सवाल किया है कि कैप्टन स्मित की बहादुरी पर राहुल और प्रियंका गांधी की ओर से कोई बयान क्यों नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अतीत में बुरहान वानी, अफजल गुरु, याकूब मेमन और बाटला हाउस एनकाउंटर जैसे मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी, वे स्मित मछार के मामले में चुप हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जाकिर नाइक को शांति का मसीहा बताने वाले, अफजल गुरु को परिस्थितियों का शिकार बताने वाले, बुरहान वानी को भटका हुआ नौजवान कहने वाले और याकूब मेमन की फांसी को ‘न्यायिक हत्या’ बताने वाले लोग कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी पर एक शब्द क्यों नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने बाटला हाउस एनकाउंटर का भी जिक्र किया और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में सीधे जवाब की मांग की।

त्रिवेदी ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में सवार लोगों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस दिखाया। उनका कहना था कि इतनी बहादुरी के बावजूद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से उनकी तारीफ में कोई शब्द नहीं आया, जिस पर पार्टी को जवाब देना चाहिए।

हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 1 अक्टूबर को कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की थी। खरगे ने कहा था कि कॉकपिट में हमले के दौरान कैप्टन स्मित और उनके क्रू ने अद्भुत सूझबूझ और असाधारण हिम्मत का परिचय दिया। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में मौजूद करीब 180 यात्रियों की जिंदगी बचाई।

खरगे ने यह भी कहा था कि विमान में सवार लोगों को नुकसान पहुंचाने की जो साजिश रची जा रही थी, कैप्टन स्मित ने अपनी बहादुरी से उसे नाकाम कर दिया। उन्होंने कैप्टन स्मित के माता-पिता और पूरे परिवार को बधाई दी और कहा कि देश को ऐसे बहादुर लोगों की जरूरत है। उन्होंने स्मित के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्मित मछार का साहस, तुरंत निर्णय लेने की क्षमता और दृढ़ता हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने जो किया, उसे देखकर पूरा देश उनकी बहादुरी की सराहना कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *