सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पंचकूला से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
Knews Desk- हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 79.6 के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़/पंचकूला से शहीद जवान का शव लेकर एंबुलेंस देवरिया जा रही थी। एंबुलेंस में शहीद के परिवार के दो सदस्य, सेना का एक जवान और चालक सवार थे।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान एंबुलेंस चालक जसपाल (30), शहीद के परिवार से साजन सिंह (35) और गौरव सिंह (28) तथा सेना के जवान राम समुझ सिंह (40) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह समेत हलियापुर थाना पुलिस और राहत टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव फिलहाल थाने में रखा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस तेज रफ्तार में थी और चालक को अचानक नींद का झोंका आने से वाहन अनियंत्रित होने की आशंका है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य तथ्यों के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
शहीद के परिवार में पहले से मातम का माहौल था। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलने के बाद वहां कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए सुल्तानपुर रवाना हो गए हैं।