लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के उस बयान पर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब आधार कार्ड की जगह वोटर कार्ड के जरिए किसी योजना का लाभ मिलेगा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सरकार पहले लोगों के नाम काटने और अब उनके हक काटने में जुट गई है। उन्होंने इसे गहरी साजिश करार दिया है।
Knews Desk- राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मोदी सरकार के मंत्री ने ऐलान किया है कि योजनाओं का लाभ अब आधार से नहीं, बल्कि वोटर ID से तय होगा। उन्होंने कहा कि इस साजिश को इत्मीनान से समझने की जरूरत है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं और अगर इसे नहीं रोका गया तो आगे भी लोगों के नाम काटे जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इनमें ज्यादातर वे लोग हैं, जो BJP के खिलाफ आक्रोश में हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि वोटर लिस्ट एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के हाथ में होनी चाहिए, लेकिन अब यह मोदी सरकार के कर्मचारी ज्ञानेश कुमार के हाथ में है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार की BJP के साथ मिलीभगत में वोट चोरी पकड़ी गई है और इसके सबूत भी सामने रखे गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि ऐसी वोटर लिस्ट तैयार करने की तैयारी है, जिसमें बहुमत हमेशा BJP का रहे और अब वही लिस्ट यह तय करेगी कि लोगों को सरकारी योजनाओं का पैसा मिलेगा या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर कल कोई BJP को सत्ता से हटाने का फैसला करता है तो चुन-चुनकर उसका नाम काटा जाएगा।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘नाम कटा – वोट गया, वोट गया – हक गया।’ उन्होंने कहा कि जिसका नाम वोटर लिस्ट से कट गया, उसका वोट चला गया और जिसका वोट चला गया, उसका हक भी चला गया। उन्होंने इसे ऐसा लोकतंत्र बताया, जहां जनता सरकार नहीं चुनेगी, बल्कि सरकार अपनी जनता चुनेगी।
राहुल गांधी ने आगे सवाल उठाया कि आज पंचायती राज की योजनाएं हैं तो कल राशन, पेंशन, मनरेगा, आवास, छात्रवृत्ति और आरक्षण का क्या होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, बल्कि चुनाव चोरी का इंतजाम और सत्ता में बने रहने का स्थायी बंदोबस्त है।
उन्होंने कहा कि वोट देना हर नागरिक का अधिकार है, कोई शर्त नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि किसी गरीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की गुलाम नहीं हो सकती। उन्होंने इसे सिर्फ वोट चोरी नहीं, बल्कि हक चोरी बताया और कहा कि वह ऐसा होने नहीं देंगे।