KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के दमदम में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
अपने संबोधन में नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंगाल की हर महिला को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि गरीब महिलाओं को मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का लाभ मिलेगा और “सिंडिकेट राज” खत्म किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता की कमी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद महिलाओं के खिलाफ हुए हर अत्याचार की जांच कराएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सभा के दौरान उन्होंने बंगाल की “नारी शक्ति” की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि इस बार महिलाएं बदलाव की निर्णायक ताकत बन रही हैं। उनके मुताबिक पहले चरण के मतदान में ही परिवर्तन के संकेत मिल चुके हैं और आने वाले चरणों में यह रुझान और स्पष्ट होगा।
नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा की विचारधारा की जड़ें बंगाल से जुड़ी हैं। उन्होंने धारा 370 हटाने का जिक्र करते हुए इसे देश की एकता के लिए बड़ा कदम बताया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब दूसरे चरण की वोटिंग नजदीक है और सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में इन दावों और आरोपों का मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है।