KNews Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। दिल्ली सरकार और बीजेपी की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित किए जाने वाले इस अभियान में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को प्रदेश बीजेपी की बैठक के दौरान अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के साथ होगी।
अभियान के दौरान तीन प्रमुख अवसरों को विशेष रूप से केंद्र में रखा जाएगा। इनमें 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने का अवसर शामिल है।
एक महीने तक होंगे कई कार्यक्रम
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली में अगले एक महीने के दौरान अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सफाई अभियान, प्रमुख स्थानों पर उपलब्धियों को दर्शाने वाली रोशनी की व्यवस्था, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और ‘विकसित भारत’ की थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल है। +इसके अलावा ‘नमो सेवा गाथा’ नाम से नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन होगा, जो वडनगर से वाराणसी तक निकाली जाएगी। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘नेशनल यूथ इनिशिएटिव चैलेंज’ भी अभियान का हिस्सा होगा।
नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी
अभियान के आयोजन को लेकर अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के अनुसार, NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल अभियान के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक होंगे। वहीं, दिल्ली सरकार की ओर से मंत्री कपिल मिश्रा जिम्मेदारियां संभालेंगे। प्रदेश बीजेपी की ओर से गठित समिति की संयोजक महामंत्री योगिता सिंह होंगी। अभियान के कुछ कार्यक्रम दिल्ली सरकार के स्तर पर, कुछ बीजेपी संगठन की ओर से और कुछ संयुक्त रूप से आयोजित किए जाएंगे। इनमें दिल्ली सरकार के मंत्री, प्रदेश बीजेपी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
देश के लिए मिसाल बनाने की उम्मीद
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक कुलजीत सिंह चहल ने उम्मीद जताई कि दिल्ली में आयोजित होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा और जनभागीदारी का उदाहरण बनेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रम देश के अन्य हिस्सों के लिए भी एक मिसाल कायम कर सकते हैं।