सुभाष चंद्रा को NCLT से झटका, दिवालियापन आदेश पर रोक; संपत्तियों की बिक्री भी रुकी

एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा से जुड़े दिवालियापन मामले में NCLT ने 25 अगस्त के अपने आदेश पर रोक लगा दी है। अब मामले की दोबारा सुनवाई पांच सदस्यीय विशेष बेंच करेगी।

Knews Desk- नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा से जुड़े दिवालियापन मामले में अहम फैसला लिया है। ट्रिब्यूनल ने 25 अगस्त को दिए गए आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है। इसके साथ ही सुभाष चंद्रा को गारंटर के तौर पर अपनी संपत्तियों को किसी अन्य व्यक्ति या संस्था को सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से ट्रांसफर करने अथवा बेचने से भी रोक दिया गया है।

यह मामला अब NCLT की पांच सदस्यीय विशेष बेंच के पास भेजा गया है। दरअसल, इससे पहले मामले की सुनवाई कर रहे तीन सदस्यों के आदेशों में आपसी मतभेद सामने आए थे। मंगलवार को सुनवाई शुरू करने वाली विशेष बेंच ने भी माना कि पहले के आदेशों में स्पष्टता नहीं थी और किसी एक राय को बहुमत का समर्थन हासिल नहीं था।

ट्रिब्यूनल ने मामले से जुड़े सभी पक्षों को नोटिस जारी कर दिए हैं। अब पांच सदस्यीय बेंच पूरे मामले पर नए सिरे से विचार करेगी और यह तय करेगी कि दिवालियापन की कार्यवाही को आगे किस तरह बढ़ाया जाए।

22,000 करोड़ रुपये से अधिक का था दावा

इस मामले में सुभाष चंद्रा पर 22,000 करोड़ रुपये से अधिक का दावा किया गया था। वहीं, NCLT के 25 अगस्त के आदेश में करीब 6.25 करोड़ रुपये का भुगतान करके दिवालियापन की कार्यवाही को निपटाने का रास्ता खुला था।

इस आदेश के बाद कई सवाल खड़े हुए थे। सबसे बड़ा सवाल यह था कि मंजूर किए गए दावों की इतनी बड़ी रकम का निपटारा कुल दावे के बेहद छोटे हिस्से से किस आधार पर किया जा सकता है। अब उस आदेश पर रोक लगने के बाद इन सवालों पर पांच सदस्यीय बेंच दोबारा विचार करेगी।

सुनवाई पूरी होने तक संपत्तियों पर लगी पाबंदी

NCLT के ताजा निर्देश के मुताबिक, मामले की सुनवाई जारी रहने तक सुभाष चंद्रा बतौर गारंटर अपनी संपत्तियों को न तो सीधे और न ही किसी अप्रत्यक्ष तरीके से ट्रांसफर या बेच सकेंगे।

पांच सदस्यीय विशेष बेंच पहले दिए गए अलग-अलग आदेशों और उनमें दर्ज राय का अध्ययन करेगी। इसके बाद दिवालियापन मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जाएगा।

Zee Media के शेयरों पर भी असर

NCLT के इस घटनाक्रम के बीच Zee Media Corporation Limited (ZMCL) के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। BSE के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के शेयर करीब 1 फीसदी की गिरावट के साथ 8.54 रुपये के स्तर पर कारोबार करते नजर आए।

कारोबार के दौरान शेयर 8.37 रुपये के दिन के निचले स्तर तक भी पहुंचा। हालांकि, मंगलवार को कंपनी का शेयर 8.70 रुपये पर खुला था। इससे पहले सोमवार को ZMCL का शेयर 8.61 रुपये पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *