NEET पेपर लीक मामले पर प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा बढ़ी, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

KNEWS DESK- NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्र संगठनों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

शुक्रवार को पटना के शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। करीब 50 पुलिस वाहनों के साथ निकला यह मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर कारगिल चौक, अशोक राजपथ, बीएन कॉलेज, पटना यूनिवर्सिटी, एनआईटी मोड़ और कदमकुआं समेत कई प्रमुख इलाकों से गुजरा। फ्लैग मार्च में पटना के जिलाधिकारी, एसएसपी, पश्चिमी और पूर्वी एसपी, सेंट्रल एसपी, एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और थानों के प्रभारी शामिल हुए। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि किसी भी तरह की अराजकता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने जेपी गोलंबर समेत कई संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ करीब 200 जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा विधानसभा परिसर, पटना रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए बिहार पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की कई कंपनियां भी तैनात की गई हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। डाकबंगला चौराहा, कारगिल चौक, जेपी गोलंबर, कोतवाली टी-प्वाइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, पटना हाई कोर्ट और अशोक राजपथ जैसे इलाकों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने अब तक 177 संदिग्ध असामाजिक तत्वों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान में सहयोग करने की अपील की है।

इस बीच छात्र संगठन आइसा (AISA) ने 25 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया है। संगठन ने लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। छात्र आंदोलनों को देखते हुए राज्यभर में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *