एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का शेड्यूल जारी, 5 नवंबर को मोहाली में होगा फाइनल

KNEWS DESK– एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा की। इस दौरान एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष और हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, पुरुषों की एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा। टूर्नामेंट के मुकाबले पंजाब के मोहाली और जालंधर में खेले जाएंगे। उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को जालंधर में आयोजित किया जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में होगा।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस बड़े हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिला है। राज्य सरकार इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न देशों से आने वाली हॉकी टीमों के लिए आवास, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहाली और जालंधर के दोनों स्टेडियमों में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। टूर्नामेंट से पहले स्टेडियमों को अपग्रेड किया जा रहा है। इनमें मीडिया सेंटर, प्रसारण और प्रोडक्शन सुविधाएं, मेडिकल व्यवस्था, तकनीकी डगआउट, फ्लडलाइट्स, सिंथेटिक टर्फ, गोलपोस्ट, खिलाड़ियों के डगआउट, चेंजिंग रूम और दर्शकों के लिए जरूरी सुविधाएं शामिल हैं।

भगवंत मान ने कहा कि मुख्यमंत्री और खेल मंत्री होने के नाते वह खुद तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उनका लक्ष्य है कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों, दर्शकों और मीडिया को किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *