Knews Desk– पश्चिम बंगाल के चीफ सेक्रेटरी मनोज अग्रवाल ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा को सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में विवादित पोस्ट हटाने, लिखित माफी मांगने और भविष्य में ऐसी टिप्पणियां नहीं करने की मांग की गई है।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर विवाद के बीच चीफ सेक्रेटरी मनोज अग्रवाल ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस सोशल मीडिया पर की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर भेजा गया है। महुआ मोइत्रा ने मनोज अग्रवाल को ‘वोट चोर’ कहा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि SIR प्रक्रिया के दौरान लाखों वास्तविक बंगाली मतदाताओं के नाम गैर-कानूनी तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए गए, जिससे वे अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो गए।
मनोज अग्रवाल ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने चुनाव आयोग के निर्देशों और कानून के मुताबिक काम किया है। उन्होंने चुनावी धोखाधड़ी या किसी गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल होने के आरोपों से भी इनकार किया है। नोटिस में महुआ मोइत्रा से 24 घंटे के भीतर विवादित सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और बिना शर्त लिखित माफी मांगने को कहा गया है। साथ ही, भविष्य में इस तरह की टिप्पणियां नहीं करने के संबंध में लिखित आश्वासन देने की मांग की गई है।
मनोज अग्रवाल ने मानहानि के हर्जाने के तौर पर 10 करोड़ रुपये और कानूनी व अन्य खर्चों के लिए 50,000 रुपये की मांग की है। यह मामला SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा हटाने को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच सामने आया है।