Knews Desk- महाराष्ट्र के ठाणे में आनंद नगर-साकेत एलिवेटेड रोड परियोजना के निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पिलर से भारी सरिये का ढांचा अचानक कोपरी ब्रिज से गुजर रही एक कार पर गिर गया। इससे कार की आगे की विंडशील्ड क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। घटना के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने संबंधित ठेकेदार पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान पिलर में इस्तेमाल होने वाला रीइन्फोर्समेंट केज यानी सरिये का ढांचा अचानक नीचे गिर गया। इसी दौरान कोपरी ब्रिज से एक कार गुजर रही थी। भारी सरिया कार के अगले हिस्से पर गिरा, जिससे उसकी विंडशील्ड को नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार में सवार लोगों को चोट नहीं आई। क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटा दिया गया, जबकि सड़क पर गिरे सरिये को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। घटनास्थल पर सरिये को सुरक्षित तरीके से हटाने का काम किया गया, ताकि यातायात और आसपास के क्षेत्र में कोई अतिरिक्त खतरा न रहे।
MMRDA ने घटना को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन में संभावित लापरवाही की जांच के आदेश दिए गए हैं।
इस घटना ने निर्माणाधीन परियोजनाओं के आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्राधिकरण ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।