दिल्ली में फूड स्टोरेज सेंटर्स पर छापेमारी, कहीं एक्सपायर्ड फूड तो कहीं मिली गंदगी

Knews Desk- त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के फूड स्टोरेज सेंटर्स पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई जगहों पर एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, गंदगी, मक्खियां, मच्छर और छिपकली मिलीं। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर नहीं रखने और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था नहीं होने जैसी खामियां भी सामने आईं।

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इसके तहत ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के कई स्टोरेज सेंटरों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिला।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को बाजारों, खाद्य भंडारण केंद्रों और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर नहीं रखा जा रहा था। इसके अलावा साफ-सफाई और कीट नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी गंभीर कमियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों के भंडारण और रखरखाव को लेकर सवाल उठे हैं। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच सरकार ने संबंधित प्रतिष्ठानों की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *