देर रात तक गाजीपुर पहुंचेगा मुख्तार अंसारी का शव, कल होगा अंतिम संस्कार

KNEWS DESK- बीती देर रात यूपी की बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की एक बार फिर से तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां हार्ट अटैक के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे राज्य में हलचल मच गई है| वहीं अब मुख्तार के शव का पोस्टमार्टम हो गया है, जिसके बाद शव को गाजीपुर ले जाया जा रहा है| बता दें कि पुलिस बांदा मेडिकल कॉलेज से मुख्तार का शव लेकर निकल गई है|

गाजीपुर के SP ओमवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि जानकारी के अनुसार देर रात तक शव गाजीपुर पहुंच पाएगा| शव पहुंचने के बाद कल सुबह नमाज के बाद मुख्तार अंसारी का अंतिम संस्कार होगा| उन्होंने आगे बताया कि रात से ही जिले में सतर्कता बरती जा रही है| परिवार भी सहयोग कर रहा है| फिलहाल जनपद में स्थिति सामान्य है| शहर में सामान्य रूप से बाजार खुले हुए हैं|

गाजीपुर SP ने बताया कि यहां मोहम्दाबाद में मुख्तार अंसारी के घर के पास की कुछ दुकानों को लोगों ने स्वेच्छा से बंद किया हुआ है| फिलहाल जन जीवन सामान्य है| देर रात शव आने के बाद परिवार भी तुरंत अंतिम संस्कार के लिए तैयार है| यहां पतली गलियां हैं, इसलिए एहतियात जरुर बरता जाएगा|

About Post Author