KNEWS DESK– बसपा प्रमुख मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने SC और ST समाज की महिलाओं के लिए इसी आरक्षण के भीतर अलग से व्यवस्था करने की मांग उठाई है। मायावती ने कहा कि इससे सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिल सकेगा।
33 प्रतिशत आरक्षण का किया स्वागत
मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के मानवतावादी, कल्याणकारी और समतामूलक संविधान की मंशाओं के प्रति बसपा हमेशा निष्ठावान रही है। पार्टी शुरू से ही सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें राजनीति में उचित आदर और अवसर दिए जाने की पक्षधर रही है। इसी वजह से बसपा लोकसभा और राज्यों की विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत किया।
SC-ST महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग
मायावती ने कहा कि यह फैसला और भी ऐतिहासिक होता, अगर सदियों से शोषित-पीड़ित और उपेक्षित खासकर SC और ST समाज की महिलाओं को इसी में अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की जाती। उनके मुताबिक इससे संकीर्ण, जातिवादी, धन और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन महिलाओं को भी सही तरीके से भाग लेने और आगे बढ़ने का मौका मिलता। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
परिसीमन पर भी उठाए सवाल
मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन निर्धारण के दौरान सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ की पूर्ति के आरोप कोई नई बात नहीं हैं।
पार्टी हित से ऊपर देशहित की अपील
बसपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां ऐसे मामलों में देश और जनहित की अपेक्षा पार्टी हित और स्वार्थ को अधिक महत्व देती हैं। उन्होंने लोगों से धर्म, जाति और क्षेत्रीयता की भावना से ऊपर उठकर अच्छे लोगों को चुनने का संकल्प लेने की अपील की। मायावती ने कहा कि लुभावने वादों, दावों और घोषणाओं के छलावे में आए बिना अच्छे लोगों का चुनाव ही लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा व सम्मान की असली गारंटी होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए बसपा तत्पर है।