उत्तरी साइप्रस में बड़ा फेरी हादसा, 270 लोगों को लेकर तुर्की जा रही नाव पलटी; 8 की मौत, 25 लापता

KNews Desk: उत्तरी साइप्रस के पास समुद्र में एक बड़ा फेरी हादसा हुआ है। करीब 270 यात्रियों और क्रू सदस्यों को लेकर तुर्की जा रही फेरी अचानक पलट गई। हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 25 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के मुताबिक, फेरी उत्तरी साइप्रस के क्यरेनिया (गिर्ने) बंदरगाह से तुर्की के मर्सिन प्रांत स्थित तसुचु बंदरगाह के लिए रवाना हुई थी। मर्सिन पहुंचने से करीब 7.5 किलोमीटर पहले फेरी हादसे का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कई राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे।

237 लोगों को बचाया गया

उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान अब तक 237 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। वहीं, 25 लोगों की तलाश अभी जारी है। हादसे के बाद समुद्र में मौजूद लोगों ने लाइफ जैकेट पहनकर मदद का इंतजार किया। सोशल मीडिया पर हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फेरी के आसपास समुद्र में कई लोग लाइफ जैकेट पहने नजर आ रहे हैं। बचाव दल ने समुद्र में अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।

रवाना होने के 15 मिनट बाद भरने लगा पानी

प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल ने बताया कि फेरी को रास्ते में प्रतिकूल मौसम का सामना करना पड़ा। उनके मुताबिक, रवाना होने के करीब 15 मिनट बाद ही फेरी में पानी भरना शुरू हो गया था। इसके कुछ समय बाद फेरी से मदद के लिए मेडे कॉल भी की गई। इसके बाद फेरी के डूबने की सूचना मिली और बचाव अभियान तेज किया गया। क्यरेनिया के मेयर मुरात सेंकुल ने बताया कि फेरी उत्तरी साइप्रस के उत्तरी तट पर डायना बीच के पास डूबी।

हादसे की जांच जारी

फिलहाल बचाव एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे के कारणों को लेकर शुरुआती तौर पर खराब मौसम और फेरी में पानी भरने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताया है। लापता यात्रियों की तलाश के लिए समुद्र में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *