लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जल्द होगा शुरू, 45 मिनट में पूरी होगी दूरी, NHAI ने जारी किए टोल रेट

KNEWS DESK- लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है, क्योंकि लंबे समय से बन रहा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे अब लगभग पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही आम जनता के लिए शुरू किया जा सकता है। यह नया एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की दो प्रमुख आर्थिक और प्रशासनिक शहरों को तेज और आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ने का काम करेगा। अभी तक लोगों को लखनऊ से कानपुर जाने के लिए नेशनल हाईवे-27 का इस्तेमाल करना पड़ता है, जहां भारी ट्रैफिक, जाम और सड़क की स्थिति के कारण 94 किलोमीटर की दूरी तय करने में ढाई से तीन घंटे लग जाते हैं। लेकिन इस नए एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह सफर मात्र 30 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

यह एक्सप्रेसवे करीब 63 किलोमीटर लंबा, 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे है, जिसे हाई-स्पीड और सुरक्षित यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। खास बात यह है कि यह एक्सप्रेसवे केवल लखनऊ और कानपुर को ही नहीं जोड़ता, बल्कि इसे आसपास के प्रमुख मार्गों जैसे कानपुर-लखनऊ हाईवे और उन्नाव-लालगंज (रायबरेली) हाईवे से भी जोड़ा गया है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और भी मजबूत होगी।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (National Highways Authority of India) ने इस एक्सप्रेसवे के लिए टोल दरें भी जारी कर दी हैं। लाइट कमर्शियल वाहनों के लिए एक तरफ का टोल ₹445 और रिटर्न ₹670 तय किया गया है। वहीं बस और ट्रक के लिए एक तरफ ₹935 और दोनों तरफ ₹1,405 का टोल लगेगा। हेवी कमर्शियल वाहनों को एक तरफ के सफर के लिए ₹1,020 और रिटर्न के लिए ₹1,530 का भुगतान करना होगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन पहले 21 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन तकनीकी कारणों और अंतिम कामों की वजह से इसमें देरी हो गई। अब संभावना जताई जा रही है कि इसे 24 मई तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद न केवल यात्रा आसान और तेज होगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *