Knews Desk- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में आयोजित करणी सेना की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि करणी सेना वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत और दमदारी के साथ मैदान में उतरेगी। अटल ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने संगठन की भविष्य की रणनीति और राजनीतिक भूमिका को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
मीडिया से बातचीत करते हुए सूरजपाल सिंह अम्मू ने कहा कि जो दल सनातन, हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात करेगा, वही देश और प्रदेश की जनता का समर्थन हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि करणी सेना उन ताकतों का विरोध करेगी जो समाज को जातियों और धर्म के आधार पर बांटने का काम कर रही हैं। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल वर्षों से समाज में विभाजन की राजनीति कर रहे हैं।
अम्मू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना की, लेकिन साथ ही करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को लेकर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की विचारधारा का समर्थन करने के बावजूद संगठन अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों से कोई समझौता नहीं करेगा।
बैठक में मौजूद करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव सिंह ने भी संगठन के चुनाव लड़ने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि समाज को जातियों में बांटने की राजनीति अब ज्यादा समय तक नहीं चल पाएगी। उनके अनुसार ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, दलित और पिछड़े वर्गों को एकजुट कर सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में करणी सेना काम करेगी।
अभिनव सिंह ने यह भी कहा कि सवर्ण समाज के साथ हो रहे कथित भेदभाव और विभिन्न मुद्दों पर संगठन जनता के बीच जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में करणी सेना मजबूती के साथ अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराएगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।