‘बात सीट की नहीं, जीत की है’… 2027 चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दावा

KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक कर चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया। बैठक के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस बार किसी एक दल की नहीं, बल्कि “PDA समुदाय” की सरकार बनेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय और तैयार कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि गठबंधन में शामिल हर उम्मीदवार को बूथ स्तर तक मजबूत संगठन का फायदा मिले। उन्होंने दोहराया कि उनकी राजनीति सिर्फ सीटों की नहीं, बल्कि जीत की राजनीति है।

सपा प्रमुख ने कहा कि PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय का आंदोलन अब सिर्फ राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का अभियान बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि देश की 95 प्रतिशत आबादी ऐसे लोगों की है, जो पीड़ित, उपेक्षित और भेदभाव का सामना कर रहे हैं, और यही लोग PDA समुदाय का हिस्सा हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि PDA आंदोलन वर्चस्ववाद और भेदभाव के खिलाफ नई आजादी का आंदोलन है। उनका कहना है कि यह लड़ाई संविधान और आरक्षण बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य सामाजिक न्याय की स्थापना करना है, ताकि सभी वर्गों को बराबरी और समान अवसर मिल सके।

https://www.facebook.com/yadavakhilesh/posts/1580027933485501?

उन्होंने कहा कि समाज में जब समानता और न्याय होगा, तभी सौहार्द बढ़ेगा। सौहार्द से शांति आएगी और शांति से विकास संभव होगा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि PDA आंदोलन देश को नई दिशा देने वाला अभियान है और यह देशभक्ति का नया उद्घोष बन चुका है।

https://www.facebook.com/yadavakhilesh/posts/1580016123486682?ref=embed_post

इस दौरान अखिलेश यादव ने एक बुकलेट भी जारी की। उन्होंने कहा कि इस बुकलेट में प्रमाणों के साथ बताया गया है कि उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार किस तरह आरक्षण को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण अधिकारों को धीरे-धीरे खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस बुकलेट को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं, खासकर उन युवाओं और परिवारों तक, जो आरक्षण के अधिकार पर खतरा महसूस कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा उन लोगों के साथ खड़ी रहेगी, जो सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। अब 2027 के चुनाव से पहले PDA को लेकर सपा की रणनीति उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया समीकरण बनाती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *