KNEWS DESK – महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने OBC वर्ग की ‘क्रीमी लेयर’ और ‘नॉन-क्रीमी लेयर’ की आय सीमा बढ़ाने के मुद्दे पर BJP और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लगातार ध्रुवीकरण और जातिवाद की राजनीति कर रही है और OBC समुदाय के नाम पर सिर्फ वोट बैंक मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
सपकाल ने कहा कि OBC क्रीमी लेयर की आय सीमा ₹8 लाख से बढ़ाकर ₹15 लाख करने का मुद्दा केवल राजनीतिक फायदा उठाने के लिए उछाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि BJP को वास्तव में पिछड़े वर्गों के हितों की चिंता नहीं है, बल्कि पार्टी सिर्फ चुनावी लाभ के लिए ऐसे फैसलों का इस्तेमाल करती है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में OBC समाज के लिए गंभीर होती, तो शिक्षा, रोजगार और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर ठोस फैसले लिए जाते। लेकिन मौजूदा सरकार केवल समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की राजनीति कर रही है।
पेट्रोल और डीजल की कमी के मुद्दे पर भी कांग्रेस नेता ने राज्य और केंद्र सरकार को घेरा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपकाल ने कहा कि यह “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” जैसी स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों का दोष जनता पर डालने की कोशिश कर रही है।
सपकाल ने कहा कि ईंधन की कमी से आम लोग परेशान हैं और इसके पीछे केंद्र सरकार की विदेश नीति जिम्मेदार है। उन्होंने दावा किया कि गलत नीतियों के कारण देश में आर्थिक और प्रशासनिक समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी और विपक्षी दलों के वोट बैंक को प्रभावित करने के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने BJP पर गंभीर आरोप लगाए। हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि BJP व्यवस्थित तरीके से विपक्षी दलों के वोटरों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग से मुलाकात करने वाला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर शरद पवार के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में सपकाल ने कहा कि उन्होंने पूरा बयान नहीं देखा है, लेकिन उनकी व्यक्तिगत राय में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से देश और उसकी विदेश नीति को नुकसान पहुंचा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी शरद पवार के कथित बयान से सहमत नहीं है।
NEET पेपर लीक मामले पर भी कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य के साथ बार-बार खिलवाड़ किया जा रहा है। सपकाल ने कहा कि NEET परीक्षा का पेपर कई बार लीक हो चुका है और सत्ता में बैठे लोगों की मिलीभगत के कारण छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और सरकार से जवाब मांग रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।