KNEWS DESK– उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। इसी बीच सपा ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। खास बात यह है कि इन सभी सीटों पर 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा था।
पांच सीटों पर सपा ने उतारे उम्मीदवार
सपा ने सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक, बेहट से उमर अली खान, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को प्रत्याशी बनाया है। इनमें चार सीटों पर 2022 में सपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि ललितपुर सीट बीजेपी के खाते में गई थी।
चार सीटों पर चौथे स्थान पर रही कांग्रेस
2022 के चुनाव में कैराना सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अखलाक को 1,522 वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहे। अमरोहा में सलीम खान को 846 वोट मिले और कांग्रेस चौथे स्थान पर रही। बेहट में पूनम कंबोज को 1,632 वोट मिले, जबकि सहारनपुर देहात में संदीप कुमार को 1,217 वोट मिले और कांग्रेस पांचवें स्थान पर रही। ललितपुर में कांग्रेस के बलवंत सिंह राजपूत को 3,920 वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहे।
सीट बंटवारे के बीच बढ़ी सियासी दिलचस्पी
सपा की पहली सूची ऐसे समय आई है जब दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है। कांग्रेस 100 से अधिक सीटों की मांग कर रही है, जबकि सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है। सहारनपुर और बेहट सीट पर सपा के उम्मीदवार उतारने से कांग्रेस की दावेदारी को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।