कन्नौज में पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल छिड़का, जिंदा जलाकर मार डाला; आरोपी पति गिरफ्तार

कन्नौज के जगतपुर गांव में चरित्र और अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के जगतपुर गांव में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू ने अपनी पत्नी को घर के अंदर कुर्सी से बांध दिया। इसके बाद उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

महिला के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बताया गया कि आग की लपटें काफी तेज थीं और घर में गैस सिलेंडर भी रखा था, जिससे उसके फटने का खतरा था। इसी वजह से ग्रामीण तत्काल महिला को बचाने की स्थिति में नहीं पहुंच सके। आग में झुलसने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पति को शक था कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बताया गया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले दो दिनों से लगातार विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद पति ने पत्नी को जिंदा जला दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी प्रभारी गजेंद्र पाल सिंह, छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वारदात के बाद आरोपी पति अपने बच्चों के साथ मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट घटनास्थल पर पहुंचे। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका की मां और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *