चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा गया और पुलिस के बेड़े में 141 नए वाहन शामिल किए गए। अमित शाह ने विश्वास जताया कि चंडीगढ़ देश का पहला नशामुक्त शहर बनेगा।
Knews Desk – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ में रहे। उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस पर सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विश्वास जताया कि पंजाब के नजदीक होने के बावजूद चंडीगढ़ देश का पहला नशामुक्त शहर बनेगा।
अमित शाह ने कहा कि एनडीपीएस के मामलों में नए कानून आने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने 93 प्रतिशत आरोपियों को जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि वह देशभर में जहां भी जाते हैं, वहां चंडीगढ़ पुलिस का उदाहरण देते हैं। गृह मंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश है, लेकिन यहां प्रति व्यक्ति वाहनों की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि गृह मंत्री बनने से पहले और बाद में वह कई बार चंडीगढ़ आए हैं, लेकिन उन्होंने यहां कभी ट्रैफिक जाम होते नहीं देखा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने यातायात व्यवस्था को इतना सुचारू बनाया है कि लोगों को परेशानी नहीं होती।
अमित शाह ने चंडीगढ़ पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान पिछले 60 वर्षों में पूरे भारत को सुरक्षित रखने के सफल प्रयासों के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि शिवालिक की पहाड़ियों की तलहटी में बसा चंडीगढ़ भारत के सबसे सुंदर शहरों में गिना जाता है, लेकिन जब देश में आतंकवाद का दौर आया, तब चंडीगढ़ भी इससे अछूता नहीं रहा। उस समय चंडीगढ़ पुलिस ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि शौर्य, सेवा और सुशासन के जरिए पुलिस ने न केवल चंडीगढ़, बल्कि पूरे देश को आतंकवाद से बचाने में योगदान दिया।
गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति सम्मान छह दशक की सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने सबसे पहले चंडीगढ़ पुलिस के सभी शहीदों को नमन किया। अमित शाह ने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देना किसी भी जवान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1966 से लेकर अब तक चंडीगढ़ पुलिस ने शहर की सुरक्षा के लिए लगातार अथक प्रयास किए हैं और देशभर की पुलिस में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। इस अवसर पर उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस में सेवा दे रहे सभी जवानों और अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के बाद चंडीगढ़ पुलिस के बेड़े में 141 नए वाहन शामिल किए गए। इन वाहनों से त्वरित प्रतिक्रिया, गश्त, आवाजाही और तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अमित शाह ने कहा कि रिस्पॉन्स टाइम के मामले में चंडीगढ़ देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि 141 नए वाहन मिलने के बाद अगले साल चंडीगढ़ पुलिस देशभर में सर्वोच्च स्थान पर पहुंच सकती है।
अमित शाह रविवार को सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यहां से वह नौ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।