KNEWS DESK – पश्चिम बंगाल में मतगणना शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है, लेकिन उससे पहले ही सियासी माहौल गरमा गया है। इस बार विवाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विधानसभा सीट भवानीपुर से सामने आया है, जहां स्ट्रांग रूम के बाहर जमकर हंगामा हुआ।
आरोप है कि सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल स्थित स्ट्रांग रूम परिसर में बीजेपी का झंडा लगी गाड़ियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। इस घटना के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि वह करीब चार घंटे तक धरने पर बैठीं और बिना अनुमति लोगों के प्रवेश पर सवाल उठाए।
टीएमसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर पहले से ही कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। ऐसे में किसी संदिग्ध गाड़ी को अंदर जाने देना गंभीर मामला है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में एक टीएमसी कार्यकर्ता ने कहा, “पुलिस अपना काम ठीक से कर रही थी। यहां तक कि साइकिलों की भी जांच की जा रही थी। तभी एक गाड़ी अंदर घुसी। हमने देखा कि आर्मी जीप पर बीजेपी का झंडा लगा था। उसे बिना जांच के ही आगे जाने दिया गया, जिस पर हमने तुरंत आपत्ति जताई।”
एक अन्य कार्यकर्ता ने दावा किया कि वह सफेद रंग की गाड़ी थी, जिसके आगे बीजेपी का लोगो लगा हुआ था और पीछे ‘Army’ लिखा था। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी भी गाड़ी को बिना जांच के अंदर कैसे जाने दिया जा सकता है।
वहीं इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग ने अपनी सफाई दी है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित वाहन हरीश मुखर्जी रोड से गुजर रहा था। सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा जांच के बाद उसमें कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद उसे आगे जाने दिया गया।
हालांकि इस सफाई के बावजूद टीएमसी कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी स्ट्रांग रूम के बाहर इसी तरह की हलचल और विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में सोमवार 4 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। फालटा विधानसभा सीट को छोड़कर राज्य की 293 सीटों पर वोटों की गिनती की जाएगी। इसके साथ ही अन्य चुनावी राज्यों के नतीजे भी सामने आएंगे।