अंगुलीमाल, कॉकरोच और नोटों की माला… INDIA गठबंधन की महारैली में विरोध का अनोखा अंदाज

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को आयोजित INDIA गठबंधन और कांग्रेस की मेगा-रैली में देशभर से आए कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग अंदाज में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कोई अंगुलीमाल डाकू बनकर पहुंचा, तो कोई कॉकरोच की वेशभूषा में नजर आया। किसी ने नोटों की माला पहनी, तो किसी ने ढोल की थाप पर सरकार विरोधी नारे लगाए। वहीं, फिरोजाबाद से आया एक कांग्रेस कार्यकर्ता खुद को बेड़ियों में जकड़कर वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन करता दिखाई दिया।

Knews Desk – दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन और कांग्रेस की महारैली के दौरान विरोध के कई अनोखे रंग देखने को मिले। देशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। कोई अंगुलीमाल डाकू के रूप में पहुंचा, तो कोई कॉकरोच बनकर आया। किसी ने नोटों की माला पहनकर विरोध जताया, तो कोई ढोल की थाप पर सरकार विरोधी नारे लगाता नजर आया।

फिरोजाबाद से आए कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने खुद को बेड़ियों में जकड़ रखा था। रामलीला मैदान के सामने पहुंचकर उसने दावा किया कि वह वोट चोरी के विरोध में इस तरह प्रदर्शन कर रहा है। उसके मुताबिक, बेड़ियों में खुद को जकड़कर वह यह बताने की कोशिश कर रहा है कि देश में किस तरह वोट चोरी हुई है।

वहीं, बिहार से आए एक शख्स ने अपने सिर पर घड़ा रखा हुआ था। उसका दावा था कि यह मौजूदा सरकार के पाप का घड़ा है। उसने कहा कि घड़ा भर चुका है और अब इसके फूटने की बारी है। रैली और उसके आसपास के इलाकों में लोग अलग-अलग भाव-भंगिमाओं और प्रतीकों के जरिए अपना विरोध जताते दिखाई दिए।

महारैली में विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों की झलक भी देखने को मिली। हिमाचल प्रदेश से आए प्रदर्शनकारी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और उन्होंने लोक नृत्य प्रस्तुत किए। इससे रैली में हिमालयी संस्कृति का रंग दिखाई दिया।

कर्नाटक के प्रदर्शनकारियों ने करीब एक किलोमीटर लंबी एक्सेल शीट प्रदर्शित की। इसमें मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कथित मामलों का विवरण होने का दावा किया गया।

इसके अलावा, ओडिशा कांग्रेस सहित विभिन्न राज्यों के पार्टी कार्यकर्ता तख्तियां और पोस्टर लेकर पहुंचे। रैली स्थल पर राष्ट्रीय तिरंगे के साथ कांग्रेस के हाथ के निशान वाले झंडे और गठबंधन में शामिल अन्य दलों के लाल, हरे, नीले और सफेद झंडे भी लहराते दिखाई दिए।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग (EC) के खिलाफ नारे लगाकर अपना विरोध जताया। इस दौरान ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जैसे संदेश लिखे बैनर भी प्रदर्शित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *